स्वास्थ्य सेवा होगी मजबूत : 50 हजार भर्तियों का लक्ष्य, 29 हजार को मिल चुकी नियुक्ति
जयपुर, 12 फ़रवरी । राजस्थान में स्वास्थ्य महकमे को ‘हेल्थ बूस्टर डोज’ देने की तैयारी तेज हो गई है। विधानसभा में गुरुवार को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने घोषणा की कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में 50 हजार कार्मिकों की भर्ती का लक्ष्य तय किया गया है। अब तक लगभग 29 हजार राजपत्रित और अराजपत्रित अधिकारियों को नियुक्ति दी जा चुकी है।
प्रश्नकाल के दौरान विधायक नानालाल निनामा के पूरक सवालों का जवाब देते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार का फोकस जनजातीय और सीमावर्ती क्षेत्रों पर विशेष रूप से है, जहां चिकित्सा कर्मियों के रिक्त पदों को प्राथमिकता से भरा जा रहा है। उनका कहना था कि स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती के लिए मानव संसाधन सबसे अहम कड़ी है और इस दिशा में तेज़ी से काम हो रहा है।
मंत्री ने आश्वस्त किया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) घाटोल के रिक्त पदों को शीघ्र ही प्राथमिकता से भरा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार के कुशल प्रबंधन के कारण नर्सिंग स्टाफ की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
इससे पहले विधायक निनामा के मूल प्रश्न के लिखित उत्तर में मंत्री ने सीएचसी घाटोल में राजपत्रित व अराजपत्रित पदों की स्वीकृत, कार्यरत और रिक्त संख्या का विस्तृत विवरण सदन के पटल पर रखा। साथ ही राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत कार्यरत कार्मिकों की जानकारी भी साझा की गई।









