भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पार्टी दफ्तर में फहराया तिरंगा
लखनऊ, 26 जनवरी । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय पर झंडारोहण किया। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह उपस्थित रहे।
चौधरी ने देश के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस एक तिथि नहीं बल्कि हमारे देश की संवैधानिक व्यवस्था की मजबूती के संकल्प तथा अमर बलिदानियों के बलिदान को स्मरण करने का दिन है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि 26 जनवरी 1950 को हमारा संविधान लागू हुआ और हमारा देश गणतंत्र बना। हमारे पूर्वजों ने जिस भारत के लिए बलिदान दिया, उनके सपनों के भारत की आत्मा भारत का संविधान है। उन्होंने कहा कि 11 वर्षों से अधिक समय से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार एवं लगभग 9 वर्षों से उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में भाजपा सरकार संविधान की मूल भावना के अनुरूप काम कर रही है। मोदी के नेतृत्व में जहां एक ओर गरीबों को मूलभूत सुविधाएं देकर उनका सशक्तिकरण किया है तो वहीं दूसरी ओर देश का विश्व में मान भी बढ़ाया है। सांस्कृतिक राष्ट्रवाद से देश की सांस्कृतिक आभा से विश्व आलोकित हुआ है। साइंस व टेक्नालॉजी को बढ़ावा देकर चन्द्रमा के साउथ पोल पर सफल लैडिंग की है, जो पहले कोई और देश नहीं कर पाया।
पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा की स्थापना सत्ता के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा के लिए हुई और विगत 11 वर्षों से अधिक समय में भाजपा सरकार की योजनाओं में यह स्पष्ट दिखता भी है। आज के दिन में सभी क्रान्तिकारियों, स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान निर्माताओं को नमन करता हूं। भारत की थल, जल, वायु सेना के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करता हूं, जिनके बलिदानों से हमारे देश की सीमाएं सुरक्षित हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में संविधान को और मजबूती मिली है। मोदी काल में जो भी संशोधन हुए हैं वो संविधान की मूल अवधारणा के अनुकूल और राष्ट्र हित में रहे हैं। उदाहरण स्वरूप एक देश-एक कर, ईडब्ल्यूएस आरक्षण, एक देश-एक विधान के संकल्प के साथ जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 की समाप्ति, महिलाओं को आरक्षण जैसे ऐतिहासिक निर्णयों से सशक्त राष्ट्र के रूप में भारत की छवि बनी है।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान की गरिमा, लोकतंत्र की शक्ति और राष्ट्र सेवा के दायित्व का स्मरण कराता है। संविधान में निहित न्याय, समानता और बंधुत्व का भाव ही भारत की आत्मा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश संवैधानिक आदर्शों के मार्ग पर चलते हुए आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी से स्वावलम्बी भारत और भारत की सर्वांगीण उन्नति के संकल्प को सिद्ध कर रहा है।









