झज्जर में भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के तीन की मौत, तीन घायल
हादसा यहां झज्जर-कोसली मार्ग पर स्थित गांव हसनपुर व रईया गांव के बीच घटित हुआ। शनिवार को दिल्ली के उत्त्मनगर का एक परिवार अपने रिश्तेदार के यहां महेन्द्रगढ़ के पास स्थित झगडौली गांव में एक व्यक्ति की मौत पर गाड़ी में सवार होकर शोक जताने के लिए गए थे। शोक जताने के बाद जब यह परिवार लौट रहा था तो उसी दौरान ही गांव हसनपुर के पास इनकी गाड़ी असंतुलित होकर सफेदे के पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना जबरदस्त था कि गाड़ी में सवार तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि दो अन्य घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए उसी समय झज्जर के नागरिक अस्पताल लाया गया। यहां स्थानीय चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार मुहैया कराने के बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए झज्जर नागरिक अस्पताल भिजवाया। मौके पर पहुंचे झज्जर सदर थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना उन्हें मिली थी। जिसके बाद ही पुलिस मौके पर पहुंंची और शवों को कब्जे में लेकर उन्हेें पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया। उन्होंने बताया कि हादसे में एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हुई है। जबकि दो अन्य घायल हुए है। इन्हें रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है।
उन्होंने बताया कि हादसा स्थल पर ही एक साल की बच्ची को भी चोट आई है। उसे भी घायलावस्था में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में मरने वालों में उत्तम नगर दिल्ली निवासी निर्मला देवी पत्नी लाल चंद, छगन पुत्र बनवारी लाल व लाल चंद पुत्र गिरधारी लाल शामिल हैं। हादसे में जिन लोगों को चोट आई उनमें अमर सिंह व अंकित पुत्र अमर सिंह शामिल हैं। हादसे में अमरूद बेचने वाली जिस बच्ची को चोट लगी है, उसका नाम परी पुत्री धर्मपाल बताया गया है। हादसे की जानकारी मृतकों के परिजनों को दी गई है। फिलहाल मृतकों के शवों को नागरिक अस्पताल के शवग्रृह में रखवाया गया है और पुलिस द्वारा हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दी गई है।









