मैहरः मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में दो सौ जोड़े बने जीवनसाथी
मैहर, 19 अप्रैल । मध्य प्रदेश के मैहर जिले में जनपद पंचायत एवं नगर पालिका परिषद द्वारा मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के अंतर्गत रविवार को भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें 200 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 10 बजे हुई, जिसके बाद ढोल-नगाड़ों और डीजे की थाप पर भव्य बारात निकाली गई। फूलों से सजे वाहन, पारंपरिक परिधानों में सजे दूल्हे और उत्साहित बारातियों की मौजूदगी ने पूरे नगर में उत्सव जैसा वातावरण निर्मित कर दिया। मार्ग में आम नागरिकों ने भी बारात का स्वागत कर आयोजन की भव्यता को और बढ़ाया।
इस अवसर पर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, नगर पालिका अध्यक्ष गीता संतोष सोनी, जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल, जनपद अध्यक्ष आकांक्षा लोधी, जिला पंचायत सदस्य जयंती तिवारी, कलेक्टर विदिशा मुखर्जी, एसडीएम दिव्य पटेल सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके सुखद एवं उज्ज्वल वैवाहिक जीवन की मंगलकामना की।
समारोह में ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के दो सौ जोड़ों का विवाह वैदिक रीति-रिवाजों एवं परंपरागत विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया। मंत्रोच्चारण के बीच पवित्र अग्नि को साक्षी मानकर सभी जोड़े एक-दूसरे के साथ वैवाहिक बंधन में बंधे। इस दौरान मंच पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवदंपत्तियों को उपहार एवं आशीर्वाद प्रदान किया।
पूरा आयोजन स्थल आकर्षक पुष्प सज्जा, रंग-बिरंगी रोशनी और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं से सुसज्जित रहा, जिससे वातावरण पूरी तरह उत्सवमय दिखाई दिया। नगर पालिका परिषद द्वारा सभी नवविवाहित जोड़ों के सुखद, समृद्ध और मंगलमय जीवन की कामना की गई तथा सामाजिक सुरक्षा और सम्मान के साथ नए जीवन की शुरुआत का संदेश दिया गया।यह सामूहिक विवाह समारोह न केवल आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए सहयोग का माध्यम बना, बल्कि सामाजिक एकता, समानता और परंपरागत मूल्यों को भी मजबूती प्रदान करने वाला आयोजन साबित हुआ।









