रायगढ़ : सिंघल इनर्जी तराईमाल के फर्नेस लाइनिंग सेक्सन में हादसा, लैंसिंग सफाई के दौरान दो सुपरवाइजर झुलसे

जिले में औद्योगिक हादसा का ग्राफ कम नहीं हो रहा है। हर महीने किसी न किसी प्लांट में हादसे हो रहे हैं और चीख पुकार मच रही है। इसी क्रम में शनिवार को तराईमाल स्थित सिंघल स्टील कंपनी में भी एक हादसा होने की खबर सामने आयी है। औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की दोपहर तकरीबन डेढ़ बजे सिंघल प्लांट में उस समय यह हादसा हुआ जब कंपनी के सुपरवाइजर फते बहादुर सिंह उम्र 45 साल और इंद्रजीत कुमार यादव उम्र 35 साल फर्नेस लाइनिंग पेंचिंग के लिए बंद पड़े भट्टी में जमा स्लैग को हटाने का काम कर रहे हैं। भट्ठी में जमे मेटल स्लैब को लोहे से काटकर निकालने की कोशिश की जा रही थी। इस दौरान वहां गर्म डस्ट उड़ने लगा जिसे नियंत्रित करने के लिए जैसे ही सुपरवाईजरों ने पानी डाला तो हाई हीट होने की वजह से उसमें जमा मसाला प्रेशर के साथ स्टीम उड़ा और दोनों उसकी चपेट में आ गये। हादसे की खबर मिलते ही प्रबंधन की ओर से दोनों का प्लांट में प्राथमिक इलाज कराया गया और फिर दोनों को सघन इलाज के लिए रायगढ़ के एक निजी अस्पताल लेकर आ गये जहां प्रारंभिक उपचार के बाद दोनों की आंखों में गर्म स्टीम घुसने की वजह से डॉक्टरों ने उन्हें रायपुर रिफर कर दिया है। फिलहाल हादसे की खबर मिलने के बाद औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम भी इसपर नजर जमाये हुए हैं।