मधुमक्खियों के हमले से बचने के लिए डबरी में कूदे पिता-पुत्र की हुई मौत
करपावंड पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, छिंदगांव निवासी भुवनेश्वर पटेल (60) अपने बेटे विनोद पटेल (32) समेत गांव के अन्य ग्रामीणों के साथ गांव में ही खेत में काम कर रहे थे। इसी बीच अचानक मधु मक्खियों के झुंड ने इन पर हमला कर दिया। सभी ग्रामीण जान बचाने के लिए यहां-वहां भागे। वहीं भुवनेश्वर अपने बेटे विनोद के साथ डबरी में कूद गए। जिसके बाद दोनों बाहर ही नहीं निकले। इस मामले की जानकारी जब गांव के अन्य ग्रामीण और परिजनों को मिली तो वे भी मौके पर पहुंचकर डबरी में डूबे पिता-पुत्र की तलाश करते रहे, साथ ही पुलिस को भी इस घटना की सूचना दी गई। लगभग 3 से 4 घंटे के बाद दाेनाे पिता-पुत्र के शव को पानी से बाहर निकाला गया। तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। दोनों के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल लाया गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। करपावंड पुलिस के अनुसार मधु मक्खियों के हमले से 5 ग्रामीण घायल हुए हैं।









