मप्र में पुलिस स्मृति दिवस पर आज 11 शहीद पुलिसकर्मियों को दी जाएगी श्रद्धांजलि

इस मौके पर पुलिस स्मृति परेड का आयोजन होगा। शहीद स्मारक पर राज्यपाल के अलावा सभी पुलिस अफसर बारी-बारी से सभी पुष्पचक्र अर्पित करेंगे। परेड के बाद राज्यपाल, मुख्य सचिव और डीजीपी इन परिजनों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान उन्हें आश्वस्त किया जाएगा कि वे पुलिस परिवार का हिस्सा है और पुलिस महकमा उनकी मदद के लिए हमेशा तत्पर रहेगा।

उल्लेखनीय है कि लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में 16 हजार फीट की ऊँचाई पर 21 अक्टूबर 1959 को सीआरपीएफ के जवानों की टुकड़ी, सब इन्सपेक्टर करम सिंह के नेतृत्व में गश्त कर रही थी तभी चीनी सेना के साथ मुठभेड़ में 10 जवान शहीद हो गये थे। उन्‍हीं की स्मृति में यह दिवस देश की समस्त पुलिस इकाईयों द्वारा मनाया जाता है। इस वर्ष मध्‍य प्रदेश पुलिस के 11 जवानों ने देश के लिए अपनी शहादत दी है। इन शहीद कर्मियों में निरीक्षक स्‍व. संजय पाठक, निरीक्षक स्‍व. रमेश कुमार धुर्वे, सहायक उप निरीक्षक स्‍व. रामचरण गौतम, सहायक उप निरीक्षक स्‍व. महेश कुमार कोरी, प्रधान आरक्षक स्‍व. संतोष कुशवाह, प्रधान आरक्षक स्‍व. प्रिंस गर्ग, प्रधान आरक्षक स्‍व. अभिषेक शिंदे, प्रधान आरक्षक स्‍व.गोविंद पटेल, आरक्षक स्‍व. अनुज सिंह, आरक्षक स्‍व. सुंदर सिंह बघेल एवं आरक्षक स्‍व. अनिल यादव शामिल हैं।

प्रदेश के इन 11 शहीदों के अलावा देश भर में 191 पुलिसकर्मी और अफसर भी एक साल में वीरगति को प्राप्त हुए हैं। उन्हें भी श्रद्धांजलि दी जाएगी। भोपाल के अलावा हर जिले में पुलिस स्मृति परेड का आयोजन किया जाएगा। इन पुलिस जवानों के परिजनों को यहां पर सम्मानित किया जाएगा।