चालक के खुदकुशी मामले में दो थाना प्रभारी सहित चार पुलिसकर्मियों पर प्राथमिकी दर्ज
उल्लेखनीय है कि बीते एक सितंबर को निलंबित पुलिस जवान मंसूर आलम की ओर से चंदवारा स्थित पुलिस लाइन में जहर खाकर खुदकुशी करने के मामले में मृतक की पत्नी जैनब बीबी के लिखित शिकायत पर चंदवारा थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। उक्त मामले में जयनगर थाना प्रभारी बबलू सिंह, डोमचांच थाना प्रभारी ओम प्रकाश यादव, जयनगर थाना में पदस्थापित एएसआई अरविंद हांसदा एवं सपही पिकेट प्रभारी रमेश मरांडी के विरुद्ध खुदकुशी के लिए प्रेरित करने को लेकर मामला दर्ज किया गया है।
मृतक ने वीडियो जारी कर लगाया था आरोप
खुदकुशी से पूर्व मृतक मंसूर आलम ने एक वीडियो जारी की थी। इसमें उन्होंने उक्त चारों पुलिसकर्मियों पर गलत आरोप लगाकर उन्हें निलंबित कराने का आरोप लगाया गया था। इधर, मामले की पूछताछ करने पर मुख्यालय डीएसपी रतिभान सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी के आवेदन पर उक्त पुलिस कर्मियों के विरुद्ध खुदकुशी के लिए प्रेरित करने को लेकर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई पर पुलिस मेन्स एसोसिएशन ने नाराजगी जताते हुए इसे खानापूर्ति बताया है। एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष रहमान खान ने कहा कि जिस समय दिवंगत मंसूर आलम को पुलिस लाइन चंदवारा में एसपी अनुदीप सिंह और जिले के अन्य पदाधिकारियों सहित अन्य पुलिस के जवानों की ओर से श्रद्धांजलि दी जा रही थी। उस वक्त पुलिस कप्तान से मिलकर उक्त पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए विभागीय कार्रवाई की मांग की थी। पर उक्त पुलिसकर्मियों को निलंबित नहीं किया जाना और केवल मामला दर्ज करना एक प्रकार से मृतक के परिवारवालों के साथ छल है। उन्होंने कहा कि यदि एसपी जल्द से जल्द उन थाना प्रभारियों और पुलिसकर्मियों को निलंबित नहीं करते हैं तो डीजीपी अनुराग गुप्ता और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलकर मामले से अवगत कराया जाएगा और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की जाएगी।









