सूरजपुर : आयुर्वेद दिवस पर सूरजपुर में भव्य आयोजन, निःशुल्क चिकित्सा शिविर व जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित
जिला आयुष अधिकारी द्वारा स्वागत उद्बोधन व विभागीय गतिविधियों की जानकारी दी गई। विधायक भूलन सिंह मरावी द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संदेश का वाचन किया गया और लोगों से आयुर्वेदिक जीवनशैली अपनाने की अपील की गई। मुरली सोनी ने हर दिन हर घर आयुर्वेद पर बल देते हुए जनभागीदारी को आवश्यक बताया।
कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा औषधीय पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इसके पश्चात ’’रन फॉर आयुर्वेदा’’ का आयोजन किया गया, जिसे अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। संगोष्ठी के दौरान डॉ आशुतोष सिंह, डॉ योगेश पाण्डेय, डॉ लीना प्रिया केरकेट्टा, डॉ आशीष शर्मा एवं डॉ संतोष सिंह ने तकनीकी विषयों पर वक्तव्य दिए।
मंचस्थ अतिथियों को आयुष काढ़ा पिलाकर वितरण की शुरुआत की गई। कार्यक्रम स्थल पर बनाए गए विशेष सेल्फी जोन में अतिथियों ने तस्वीरें खिंचवाईं। इसके बाद मितानिन एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता हेतु सांप-सीढ़ीष्खेल का आयोजन किया गया।
डॉ कुलदीप द्विवेदी ने बताया कि शिविर में आए नागरिकों की प्रकृति का परीक्षण कर उन्हें जानकारी दी गई। सभी प्रतिभागियों एवं आमजन ने आयुर्वेद अपनाने की शपथ ली। स्वास्थ्य शिविर में कुल 268 रोगियों का परीक्षण, उपचार, पैथोलॉजिकल जांच एवं निःशुल्क औषधि वितरण किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ एस. के. त्रिपाठी एवं आभार प्रदर्शन डॉ रजनीश जायसवाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर आयुष विभाग के समस्त चिकित्सक, फार्मासिस्ट एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।









