आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 27 बकरी-बकरों की मौत, 7 मवेशी घायल
नवापारा क्षेत्र में दोपहर तक हल्की बदली छाई हुई थी लेकिन अचानक बादल घिरने लगे और देखते ही देखते बारिश के साथ जोरदार गड़गड़ाहट शुरू हो गई। यह सिलसिला लगभग 2 घंटों तक चलता रहा। इसी बीच नवापारा से लगे ग्राम पारागाँव में बकरियाँ महानदी के तट में चर रही थीं तभी आकाशीय बिजली गिरने से बकरे-बकरियाँ चपेट में आ गईं। इस घटना में 27 बकरे-बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं 7 मवेशी घायल हो गए है।
चरवाहों ने बताया कि, वे ग्राम घोंट के रहने वाले है वे रोज की तरह तीन परिवारों के 80-90 बकरियों को लेकर चराने नदी किनारे पहुंचे थे। तभी अचानक बिजली गिरने से बकरियां उनकी चपेट में आ गई। बाकी बकरियाँ और चरवाहे कुछ दूरी पर छाँव में खड़े थे इसलिए चपेट में आने से बच गए।
गोबरा नवापारा थाना से मिली जानकारी के अनुसार, इस हादसे से पीड़ित परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। बताया जा रहा है कि ये परिवार पूरी तरह से पशुपालन पर निर्भर हैं और मवेशियों की मौत से उनकी आजीविका पर संकट गहरा गया है। परिजनों ने शासन-प्रशासन से उचित मुआवज़े और त्वरित सहायता की मांग की है।









