दो ट्रेलरों की आमने-सामने टक्कर में चालक जिंदा जला
घटना रात करीब 9 बजे हुई। जोरदार धमाके के बाद आग ने दोनों ट्रेलरों को चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही गुड़ामालानी पुलिस, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुँची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे में ट्रेलर पूरी तरह जलकर खाक हो गए।
जानकारी के अनुसार एक ट्रेलर में चावल भरे थे, जबकि दूसरे में गुजरात के मोरबी से लाई जा रही टाइल्स और टावर का सामान लदा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
थानाधिकारी देवीचंद ढाका ने बताया कि हादसे में एक चालक की मौत हो गई है, जिसकी शिनाख्त की जा रही है। वहीं, दो घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने जाम हटवाकर यातायात सुचारू कराया और हादसे के कारणों की जांच शुरू की है।









