हिमाचल में 100 करोड़ की वन संवर्धन योजना से ग्रामीणों को मिलेगा रोज़गार

प्रदेश सरकार के प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि इस योजना के माध्यम से बंजर वन भूमि पर पौधरोपण और रख-रखाव जैसे कार्य किए जाएंगे, जिससे हज़ारों ग्रामीणों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से काम मिलेगा। प्रत्येक संगठन को 5 हेक्टेयर तक खाली या बंजर वन भूमि दी जाएगी। वन विभाग अपनी नर्सरियों से अच्छी गुणवत्ता के पौधे उपलब्ध कराएगा और पौधरोपण की निगरानी करेगा।

उन्होंने कहा कि इस योजना में हर हेक्टेयर के लिए 1.20 लाख रुपये की धनराशि दी जाएगी और छोटे क्षेत्रों के लिए यह राशि भूमि के अनुपात में मिलेगी। पौधों के जीवित रहने की दर के आधार पर भी प्रति हेक्टेयर 1.20 लाख रुपये प्रोत्साहन राशि के रूप में दी जाएगी। सभी भुगतान सीधे समुदाय आधारित संगठनों के बैंक खातों में होंगे ताकि पारदर्शिता बनी रहे।

प्रवक्ता ने कहा कि पौधों की जियो-टैगिंग और निगरानी के लिए एक विशेष पोर्टल भी बनाया जाएगा। योजना का उद्देश्य सिर्फ हरियाली बढ़ाना नहीं, बल्कि जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटना, मृदा को सुरक्षित करना, जल संरक्षण को बढ़ावा देना और ग्रामीणों की आमदनी बढ़ाना भी है। इससे स्थानीय लोगों में वन संरक्षण के प्रति जागरूकता भी आएगी और जैव विविधता को संबल मिलेगा।