आकांक्षी विकासखण्ड शंकरगढ़ में छह संकेतकों में हुआ शत-प्रतिशत कार्य : मंत्री नेताम
कार्यक्रम में आदिम जाति विकास, अनुसूचित जाति पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जहां पारंपरिक वेशभूषा धारण किए हुए ग्रामीणों ने सैला एवं सोन्दों नृत्य कर मंत्री नेताम का स्वागत किया।
सर्वप्रथम कृषि मंत्री नेताम ने छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरूआत की। इस अवसर पर सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैंकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष हिरामुनी निकुंज, उपाध्यक्ष धीरज सिंहदेव, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य कृष्णा गुप्ता, नगरपालिका अध्यक्ष लोधी राम एक्का, उपाध्यक्ष दिलीप सोनी, जनपद उपाध्यक्ष बबली देवी, जिला पंचायत सदस्य सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर राजेन्द्र कटारा, वनमंडलाधिकारी आलोक बाजपेयी, जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर, सहित बड़ी संख्या में आमनागरिक मौजूद रहे।
मंत्री रामविचार नेताम ने जिला स्तरीय संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शंकरगढ़ विकासखण्ड के निरंतर विकास की सराहना की। उन्होंने कहा कि नीति आयोग द्वारा चयनित शंकरगढ़ विकासखण्ड में सभी विभागों के सहयोग से चिन्हांकित इंडिकेटर में शत्-प्रतिशत उल्लेखनीय कार्य किया गया। जिसका बेहतर परिणाम देखने को मिल रहा है। मंत्री नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की परिकल्पना अनुरूप देश के 100 जिलों के 500 विकासखण्डों का चयन किया गया था। जहां अब तक आपेक्षित विकास नहीं हो पाया था। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के अंतर्गत आने वाला शंकरगढ़ भी इन्हीं आकांक्षी विकासखण्डों में शामिल है। यहां शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, सड़क कनेक्टीविटी, संस्थागत प्रसव, पोषण, शिशु मृत्यु दर जैसे मानकों को प्राथमिकता में रखकर जमीनी स्तर पर क्रियान्वित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि, शंकरगढ़ क्षेत्र में पहाड़ी कोरवा, पंडो जैसे विशेष पिछड़ी जनजातीय बाहुल्य क्षेत्र हैं। जहां जागरूकता कि आवश्यकता रहीं है, ऐसे क्षेत्रों में शासन-प्रशासन के प्रयासों एवं योजनाओं के माध्यम से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि, केन्द्र एवं राज्य सरकार के द्वारा पीएम जनमन योजना अंतर्गत शिक्षा स्वास्थ्य सहित सड़कों, आवासों का निर्माण हो रहा है। उन्होंने इस दौरान जैविक खेती को भी प्राथमिकता से करने की बात कही।
जिला स्तरीय सम्पूर्णता सम्मान समारोह कार्यक्रम में मंत्री नेताम ने आकांक्षी विकासखण्ड कार्यक्रम अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले 39 फ्रंटलाइन वर्करों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में फ्रंटलाइन वर्करों ने भी अपने अनुभव साझा किये। साथ ही 04 हितग्राहियों को स्वेच्छानुदान की राशि का चेक दिया गया। कार्यक्रम के अंत में मंत्री रामविचार नेताम एवं सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा सहित उपस्थित अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।









