भाजपा सरकार की स्पांसरशिप योजना के लाभार्थियों को चार हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी : नरेंद्र पाणिग्राही
जगदलपुर, 27 जुलाई । बस्तर जिले में अनाथ या आर्थिक रूप से कमजोर एकल अभिभावक वाले बच्चों को भी अब सामान्य बच्चों जैसा भविष्य संवारने का उचित अवसर प्रदेश की भाजपा सरकार देगी, इसके लिए स्पॉन्सरशिप योजना शुरू की जा रही है। बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष नरेंद्र पाणिग्राही ने रविवार को बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से संचालित स्पांसरशिप योजना के तहत अब लाभार्थियों के शिक्षा-दीक्षा और पालन-पोषण के लिए हर महीने दो हजार रुपये की जगह चार हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी।
जिले के 42 जरूरतमंद बच्चों को इस योजना का लाभ मिल रहा है, जिसे बढ़ाकर दिसंबर तक 93 किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे अपने आस-पास ऐसे जरूरतमंद बच्चों की मदद के लिए उनके अभिभावकों या संरक्षकों को न केवल योजना की जानकारी दें बल्कि उन्हें आवेदन करने के लिए भी प्रेरित करें। इससे असहाय एवं अनाथ बच्चों को उनके पालन-पोषण एवं पढ़ाई लिखाई के लिए सहारा मिल रहा है। यह राशि बच्चों को अधिकतम 3 वर्ष अथवा 18 वर्ष पूर्ण होने तक प्रदाय किया जाता है।
नरेंद्र पाणिग्राही ने बताया कि समाज में तमाम ऐसे बच्चे हैं जो, एकल अभिभावक वाले हैं। उनका परिवार आर्थिक रूप से काफी कमजोर है। किसी के माता-पिता में से कोई एक की मृत्यु हो गई है, तो कोई फुटपाथ पर और कूड़े के ढेर से अपने जीवन जीने का सहारा ढूंढ रहा है। ऐसे ही बच्चों के जीवन में बाहर लाने के लिए स्पॉन्सरशिप योजना शुरू हुई है। महिला एवं बाल विकास विभाग इस योजना की निगरानी करेगा। उन्हाेंने बताया कि प्रदेश की भाजपा सरकार की महत्वाकांछी स्पॉन्सरशिप योजना के तहत लाभान्वित किये जाने के लिए ऐसे बच्चे जो आर्थिक रूप से अत्यन्त कमजोर है, जिनकी माता-पिता की मृत्यु हो चुकी है, भूमिहीन है, गंभीर बीमारी से ग्रसित हैं अथवा जीवन अत्यंत कठिनाई से गुजर रहा है। ऐसे बच्चों को योजना के तहत पात्रता की श्रेणी में रखा जाता है। आवेदन करने के बाद पात्रता की जांच होती है और फिर लाभ मिलता है। स्पांसरशिप योजना भाजपा की प्रदेश सरकार की देखरेख, संरक्षण एवं आवश्यकता वाले बच्चों के लिए अति महत्वपूर्ण लाभार्थी योजना है। इसमें आवेदन के बाद जांच कराई जाती है। जांच के दौरान आवेदन में प्रस्तुत तथ्यों व कागजातों का परीक्षण किया जाता है। इसके बाद योजना के पात्रों को लाभ मिलता है, गलत जानकारी पर आवेदन निरस्त कर देगे।









