कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद निगम झीरम मेमोरियल व नेहरू मंच का करवाएगा मरम्मत

कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद निगम झीरम मेमोरियल व नेहरू मंच का करवाएगा मरम्मत

जगदलपुर, 21 जून (हि.स.)। बस्तर जिला मुख्यालय के लाल बाग मैदान के पास स्थित झीरम शहीद मेमोरियल और नेहरू मंच की मरम्मत के लिए नगर निगम 7 लाख रुपये का स्टीमेट भी तैयार किया है, यहां पर सीसीटीव्ही कैमरे भी लगाए जाएंगे। दरअसल शहीदों की याद में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बने इस मेमोरियल में शराबियों ने कुछ दिन पूर्व जमकर तोड़-फोड़ की है। इस मामले को लेकर एक दिन पहले कांग्रेस ने निगम कार्यालय पहुंचकर जाेरदार प्रदर्शन कर जगदलपुर नगर निगम के आयुक्त को ज्ञापन सौंपा था। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुशील मौर्य और पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने झीरम शहीद मेमोरियल और नेहरू मंच की मरम्मत की मांग रखते हुए कहा था कि 15 दिनों के अंदर पुलिस आरोपियों को नहीं पकड़ती है तो हम उग्र आंदोलन करेंगे।

नगर निगम महापौर संजय पांडेय ने शन‍िवार को कहा कि झीरम मेमोरियल और नेहरू मंच की मरम्मत करने के लिए नगर निगम प्रयासरत है। इसके लिए एस्टीमेट भी तैयार किया गया है, लगभग 7 लाख रुपये खर्च कर झीरम शहीद मेमोरियल की मरम्मत करवाई जाएगी।

जगदलपुर सीएसपी आकाश श्रीमाल ने कहा कि रात के समय पेट्रोलिंग की जा रही है। कुछ बदमाशों को पकड़ा गया था, हालांकि,वे वहां बैठकर शराब नहीं पी रहे थे, पूछताछ कर छोड़ दिया गया। यहां पर सीसीटीव्ही कैमरे भी लगाए जाएंगे। जिससे इस इलाके की निगरानी रखी जा सकेगी।

—————