योग दिवस पर दिल्ली भाजपा ने किया भव्य आयोजन, वरिष्ठ केंद्रीय नेता व सैकड़ों कार्यकर्ता हुए शामिल

योग दिवस पर दिल्ली भाजपा ने किया भव्य आयोजन, वरिष्ठ केंद्रीय नेता व सैकड़ों कार्यकर्ता हुए शामिल

नई दिल्ली, 21 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को नई दिल्ली स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष, राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय संगठक वी. सतीश, राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा सहित कई वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति रही।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय के स्मृति स्थल पर पहली बार आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह, चांदनी चौक जिला अध्यक्ष अरविंद गर्ग और सह कार्यालय मंत्री अमित गुप्ता समेत सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भी इस योग सत्र में भाग लिया।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने योग की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन जीवनशैली है, जो न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि मानसिक सशक्तिकरण का भी साधन है। नियमित योग अभ्यास आत्मविश्वास बढ़ाने और आत्म-नियंत्रण में सहायक होता है।

सचदेवा ने जानकारी दी कि दिल्ली भाजपा के सभी 256 मंडलों में योग दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें सांसद, विधायक, मंडल अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

—————