फतेहाबाद : योग हमारी संस्कृति का हिस्सा : मनदीप कौर

फतेहाबाद : योग हमारी संस्कृति का हिस्सा : मनदीप कौर

फतेहाबाद, 21 जून (हि.स.)। योग करने से व्यक्ति न केवल शारीरिक अपितु मानसिक रूप से भी स्वस्थ बना रहता है। यह बात फतेहाबाद की उपायुक्त मनदीप कौर ने कही। वे शनिवार को एमएम पीजी कॉलेज में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह को बतौर मुख्यातिथि संबोधित करते हुए कही। जिला स्तरीय इस कार्यक्रम में सांसद कार्तिकेय शर्मा ने आना था, लेकिन वे नहीं आये। उनसे पहले स्वास्थ्य मंत्री आरती राव को मुख्य अतिथि बनाया गया था। मगर आरती राव के सीएम नायब सैनी के साथ कुरुक्षेत्र में मुख्य समारोह में होने के कारण चीफ गेस्ट बदला गया। फतेहाबाद के अलावा जिलेभर में उपमंडल स्तर पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस धूमधाम से मनाया गया। एमएम कॉलेज में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त मनदीप कौर ने कहा कि योग हजारों वर्ष पुरानी हमारी समृद्ध संस्कृति का हिस्सा है। योग करने के बाद हम पूरा दिन ऊर्जावान बने रहते हैं, इसलिए हमें नियमित रुप से योग करना चाहिए। उपायुक्त ने कहा कि आज पूरा विश्व योग को अपना रहा है, विदेशों में लोग सैंकड़ो डॉलर खर्च करके योग की क्लास अटेंड करते हैं जबकि भारत में हर शहर में संस्थाए एवं संगठन नि:शुल्क योग अभ्यास करवा रहे हैं, सभी को इसका लाभ उठाना चाहिए। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा, एमएम कॉलेज प्रिंसिपल गुरचरण दास सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि व सैंकड़ो विद्यार्थियों ने सामूहिक योग किया। रतिया में 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में अनाज मण्डी शैड में योग दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर योग दिवस कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि फतेहाबाद जिला परिषद की चेयरमैन सुमन खिचड़ ने शिरकत की और कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम सुरेश कुमार ने की। योग दिवस कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, स्कूली बच्चों के साथ-साथ आमजन ने बढ़ चढक़र भाग लिया। जिला परिषद चेयरमैन सुमन खिचड़ ने स्वयं भी योग करके सभी को योग के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग का बड़ा महत्व है, योग करने से डाक्टर के पास जाने की जरूरत नही पड़ती। योग दिवस कार्यक्रम में नशा मुक्त अभियान के तहत शपथ भी दिलवाई गई।