माउंट आबू के लिए विशेष टूर पैकेज लॉन्च
माउंट आबू के लिए विशेष टूर पैकेज लॉन्च
जोधपुर, 6 जून (हि.स.)। जोधपुर में पहली बार राजस्थान पर्यटन विकास निगम (आरटीडीसी) ने माउंट आबू का विशेष टूर पैकेज लॉन्च किया है। यह पैकेज उन परिवारों के लिए तैयार किया गया है जो कम समय और कम बजट में यात्रा का बेहतर अनुभव चाहते हैं।
आरटीडीसी के होटल घूमर के मैनेजर मानवेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि तीन दिवसीय इस पैकेज में जोधपुर से माउंट आबू तक की यात्रा एसी टैक्सी से करवाई जाएगी। पर्यटकों को गुरु शिखर, नक्की झील, देलवाड़ा जैन मंदिर, सनसेट पॉइंट, आबुर्दा देवी मंदिर, अचलगढ़ फोर्ट और हनीमून प्वाइंट का भ्रमण कराया जाएगा। ठहरने की व्यवस्था आरटीडीसी के होटल शिखर में होगी। चार सदस्यों के परिवार के लिए पैकेज की कीमत 21 हजार रुपए रखी गई है, यानी प्रति व्यक्ति का 1,750 रुपए प्रतिदिन होगा। विभिन्न वर्गों के लिए 50 प्रतिशत तक का डिस्काउंट भी दिया जा रहा है।
अन्य स्थानों पर भी टूर पैकेज उपलब्ध
राठौड़ ने बताया कि आरटीडीसी उदयपुर-नाथद्वारा-चित्तौडग़ढ़, सवाई माधोपुर-रणथंबौर-सरिस्का, भरतपुर-अलवर-सिलीसेढ़ और अजमेर-पुष्कर के लिए भी टूर पैकेज उपलब्ध करवा रहा है। यह पहल न केवल पर्यटकों को नया अनुभव देगी बल्कि राजस्थान की पर्यटन अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करेगी।









