भाजपा नेता का हुआ अंतिम संस्कार
भाजपा नेता का हुआ अंतिम संस्कार
खूंटी, 20 मई (हि.स.)। खूंटी जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता और क्षेत्र के लोकप्रिय सामाजिक कार्यकर्ता रामध्यान सिंह की अर्थी जैसे ही मंगलवार को उठी पूरा मास्को गांव सुबक पड़ा। भाजपा गोविंदपुर मंडल के अध्यक्ष रामध्यान सिंह का पार्थिव शरीर पोस्टमार्टम के बाद पैतृक गांव कर्रा प्रखंड के मास्को पहुंचा। शव के साथ भाजपा के पूर्व विधायक कोचे मुंडा और पूर्व विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा भी मास्को गांव पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। उनका अंतिम संस्कार कारो नदी मुक्तिधाम में किया गया। मुखाग्नि उनके बड़े पुत्र पंकज सिंह ने दी।
उल्लेखनीय है कि सोमवार संध्या लगभग 5.15 बजे बीएसएनएल दूरसंचार विभाग की बोलेरो गाड़ी संख्या (जेएच 01 डीएल 4990) से धक्का लगने के कारण भाजपा गोविंदपुर मंडल अध्यक्ष रामध्यान सिंह की मौत हो गई थी। जरियागढ़ पुलिस की ओर से गाड़ी को जब्त कर लिया गया है और ड्राइवर सुनील यादव को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
रामध्यान सिंह के निधन पर राज्य के पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा और पूर्व विधायक कोचे मुंडा ने कहा कि यह न सिर्फ भाजपा के लिए, बल्कि उनके लिए भी व्यक्तिगत क्षति है। उनकी कमी को निकट भविष्य मेें पूरा नहीं किया जा सकता। भाजपा के वरिष्ठ नेता काशीनाथ महतो ने कहा कि इस घटना से से वे निःशब्द हैं। भाजपा नेता के निधन पर भाजपा के जिलाध्यक्ष चन्द्रशेखर गुप्ता, जिला परिषद सदस्य जोरोंग आईंद, संतोष जायसवाल, निखिल कंडुलना, शशांक शेखर राय, विष्णु प्रसाद सोनी सहित कई लोगों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है।
—————









