बड़े मंगल पर लखनऊ के हर गली चौराहे पर लगे भण्डारे
बड़े मंगल पर लखनऊ के हर गली चौराहे पर लगे भण्डारे
–
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में किया दर्शन
लखनऊ, 20 मई (हि.स.)। ज्येष्ठ मास के दूसरे बड़े मंगल पर राजधानी लखनऊ के हर गली, मुहल्ले व चौराहों पर भण्डारे लगे हैं। हनुमान चालीसा के पाठ और सुंदरकाण्ड के बाद भण्डारों में प्रसाद वितरण शुरू हो गया है। पूड़ी, सब्जी, कढ़ी चावल व बूंदी के प्रसाद का वितरण अधिकांश स्थानों पर हो रहा है। आयोजन स्थल पर हनुमान चालीसा व भक्ति के संगीत बज रहे हैं।
वहीं अलीगंज स्थित हनुमान मंदिर, हनुमान सेतु व हनुमत धाम समेत शहर के हनुमान मंदिरों में भोर से ही दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ लगी है। मंदिर बजरंग बली के जयकारों से गूंज रहे हैं। प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने हजरतगंज स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में बजरंग बली जी के दर्शन पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
आयोजन स्थल पर गंदगी न रहे, इसके लिए नगर निगम ने जोनवार टीम बनाई है। दूसरे बड़े मंगल पर शहर भर में करीब 1000 स्थानों पर भण्डारे लगे हैं। नगर निगम में करीब 400 लोगों ने पंजीकरण कराया है। नगर निगम की टीम भण्डारे के बाद सफाई सुनिश्चित करायेगी। वहीं कई स्थानों पर भीड़ की वजह से पुलिस ने डायवर्जन भी किया है।
मंगलमान अभियान की टीम प्रोफेसर राम कुमार तिवारी के नेतृत्व में शहर में घूम—घूम कर स्वच्छता पवित्रता से परिपूर्ण व पर्यावरण के अनुकूल भण्डारा चलाने की अपील कर रही है। जहां पर कार्यकर्ताओं की आवश्यकता है, वहां मंगलमान के कार्यकर्ता सहयोग भी कर रहे हैं।









