समाधान शिविर : घरों के आगे बने अवैध रैम्प हटवाने की मांग, मौके पर जाकर जांच के आदेश

समाधान शिविर : घरों के आगे बने अवैध रैम्प हटवाने की मांग, मौके पर जाकर जांच के आदेश

फतेहाबाद, 12 मई (हि.स.)। लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर में एसडीएम राजेश कुमार व नगराधीश गौरव गुप्ता ने नागरिकों की शिकायतें सुनी। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटान करवाना सुनिश्चित करें। शिकायत का निपटान करने उपरांत समाधान प्रकोष्ट पोर्टल पर भी अपडेट करें। सरकार के दिशा निर्देशानुसार सप्ताह में दो दिन सोमवार व गुरुवार को जिला मुख्यालय व उपमंडल स्तर रतिया व टोहाना में आम नागरिकों की शिकायतों को सुनने के लिए सुबह 10 से 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे है।

इन शिविरों में आमजन अपनी शिकायतें रखकर समाधान करवा सकते है उन्होंने कहा कि सरकार की यह पहल काफी कारगर सिद्व साबित हो रही है। इस पहल से नागरिकों को अब एक से दूसरे कार्यालय के चक्कर काटनें से निजात मिली है। प्रत्येक शुक्रवार को सरकार के उच्च अधिकारियों द्वारा समाधान शिविर में प्राप्त होने वाली शिकायतों का रिव्यू किया जा रहा है। समाधान शिविर में कुल 4 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमें से एक शिकायत का मौके पर निपटान किया गया। गांव दैयड़ निवासी रामकुमार ने आयुष्मान कार्ड बनवाने बारे शिकायत रखी जिसका मौके पर ही आयुष्मान कार्ड जारी कर दिया गया। इसके अतिरिक्त समाधान शिविर में स्थानीय निवासी पुष्पा रानी ने पीपीपी में इनकम कम करवाने व राशन कार्ड बनवाने बारे, गांव गाजुवाला निवासी दर्शन सिंह ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने, मोहल्ला सुंदर नगर निवासी ने राम विहार व सुंदर नगर कालोनी में घरों के आगे बने अवैध रैंप हटवाने बारे शिकायत रखी। शिकायत को सुनने उपरांत नगराधीश ने शहरी स्थानीय विभाग के अधिकारी को आदेश दिए कि वे मौके पर जाकर इसकी जांच करें। इस अवसर पर डीएसपी जयपाल सिंह, डीडीपीओ अनूप सिंह, डिप्टी सीएमओ मेजर डॉ. शरद तुली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।