फतेहाबाद पुलिस का सघन अभियान, मई में अब तक 68 आरोपी किए गिरफ्तार

फतेहाबाद पुलिस का सघन अभियान, मई में अब तक 68 आरोपी किए गिरफ्तार

फतेहाबाद, 12 मई (हि.स.)। जिला में अपराध और गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध एक मई से विशेष सघन अभियान चलाया गया है। अभियान के तहत कस्बों, गांवों, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक नाकाबंदी, तलाशी और छापेमारी की गई है। इस दौरान पुलिस टीमों ने अनेक अभियुक्तों को चिन्हित कर उन्हें कानूनी दायरे में लाते हुए सख्त कार्रवाई की है। एसपी सिद्धांत जैन ने सोमवार को बताया कि जिला पुलिस ने विभिन्न मामलों में 45 मामले दर्ज कर 68 लोगों को गिरफ्तार किया है।

एसपी ने बताया कि मई माह में जिला पुलिस ने मादक पदार्थ अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 16 मामले दर्ज कर 21 लोगों को पकड़ा है। पुलिस ने इनके पास से 17.362 किलोग्राम चूरा पोस्त, 1.419 किलोग्राम अफीम, 2.490 किलोग्राम गांजा, 17.760 किलोग्राम चरस, 76.07 ग्राम हेरोइन बरामद की है। आबकारी अधिनियम के तहत 5 मामलों में 7 लोगों को पकड़ा है। इनके पास से पुलिस ने 4010 बोतल अंग्रेजी शराब, 250 बोतल देशी शराब, 50 बोतल बीयर, 45 बोतल अवैध शराब व 410 लीटर लाहन बरामद किया। शस्त्र अधिनियम के तहत 5 मामलों में 6 लोगों को गिरफ्तार किया और इनके पास से 7 अवैध पिस्तौल तथा 15 जीवित कारतूस बरामद किए। जुआ अधिनियम के तहत 2 मामलों में 16 लोगों को काबू कर इनके पास से 51550 रुपये की जुआ राशि बरामद की। मई माह में पुलिस ने अब तक 11 घोषित अपराधी तथा 7 बेल जम्पर पकड़े है।

साइबर अपराधों पर कार्रवाई करते हुए जिला पुलिस ने मई माह में अब तक 10 मामले दर्ज कर 8 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्ज से 1 लाख 73 हजार की नकदी बरामद की वहीं अन्य शिकायतों में आमजन को 1 लाख 23 हजार की राशि लौटाई गई। आमजन के गुम हुए 11 मोबाइल जिसकी कीमत लाखों में ढूंढ कर वापिस लौटाए। अभियान के दौरान जिला पुलिस द्वारा राजस्थान व पंजाब की सीमाओं से सटे क्षेत्रों में प्रवेश कर रहे वाहनों एवं व्यक्तियों की गहन जांच की गई। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए पुलिस ने नगरीय और ग्रामीण इलाकों में पैदल गश्त, नाकाबंदी और व्यापक चेकिंग के माध्यम से प्रभावी उपस्थिति दर्ज की।