दिल्ली में शुरू होगी ‘टैलेंट हंट योजना’ : कपिल मिश्रा
दिल्ली में शुरू होगी ‘टैलेंट हंट योजना’ : कपिल मिश्रा
-बिना भेदभाव के दिल्ली के सभी हुनरमंद लोगों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर
नई दिल्ली, 8 मई (हि.स.)। कला, संस्कृति और पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने गुरुवार को दिल्ली सचिवालय में कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में विभाग द्वारा ‘टैलेंट हंट योजना’ की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की गई। इस योजना का उद्देश्य नवोदित कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने, मार्गदर्शन प्राप्त करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान पाने का अवसर प्रदान करना है।
मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि टैलेंट हंट योजना की शुरुआत दिल्ली को क्रिएटिविटी की वैश्विक राजधानी बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के दूरदर्शी नेतृत्व में हम न केवल प्रतिभा को खोजेंगे, बल्कि उन्हें उचित मार्गदर्शन और मंच भी प्रदान करेंगे। यह पहल दिल्ली की सांस्कृतिक समृद्धि को एक नया आयाम देगी। बिना भेदभाव के दिल्ली के सभी हुनरमंद लोगों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेग। साथ ही राजधानी की सांस्कृतिक विविधता को दर्शाने के लिए विभिन्न समुदायों से सहभागिता को प्रोत्साहित किया जाएगा। कार्यशालाओं, प्रतियोगिताओं और मेंटरशिप कार्यक्रमों के माध्यम से प्रतिभागियों को आवश्यक संसाधन और नेटवर्क प्रदान किया जाएगा।
इस योजना की घोषणा दिल्ली सरकार के बजट 2025-26 के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने की थी। यह एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका लक्ष्य संगीत, नृत्य, लोककला, क्लासिकल, वाद्य संगीत तथा फोटोग्राफी जैसे विभिन्न रचनात्मक क्षेत्रों में दिल्ली की अपार प्रतिभा को उभारना है। यह योजना न केवल प्रतिभाओं को तराशेगी, बल्कि उन्हें वैश्विक मंच तक पहुंचाने में भी सहायक सिद्ध होगी।
—————









