अभय कमांड कंट्रोल सेंटर के कैमरे बन रहे मददगार

अभय कमांड कंट्रोल सेंटर के कैमरे बन रहे मददगार

जोधपुर, 11 फरवरी (हि.स.)। शहर के बनाड़ क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ऑटो रिक्शा में अपना कीमती सामान का बैग भूल गई। महिला को चंद घंटे में बैग वापस पाने में उसके लिए अभय कमांड कंट्रोल सेंटर में लगे कैमरे मददगार बने।

दरअसल बनाड़ गणेश होटल के पास कुसुम विहार निवासी गणु चौधरी नई सडक़ क्षेत्र में खरीदारी करने आई थी। यहां से वापस लौटने के लिए वह नई सडक़ से ऑटो रिक्शा में बैठी और अपने घर पहुंच गई। टैक्सी से उतरते समय वह अपना बैग उसी में भूल गई। इस बैग में शादी के लिए खरीदे 16 हजार रुपए कीमत के कपड़े थे। महिला अभय कमांड कंट्रोल सेंटर पहुंची। यहां उसने महिला कॉन्स्टेबल सुमित्रा चौहान को आपबीती सुनाई। कॉन्स्टेबल ने पूरी जानकारी लेकर महज दस मिनट में ही सीसीटीवी कैमरे खंगाल कर उस टैक्सी के नंबर पता किया। उसके रजिस्ट्रेशन रिकॉर्ड में मोबाइल नंबर अपडेट नहीं होने की वजह से टैक्सी चालक से संपर्क नहीं हो पाया। ऐसी स्थिति में कमांड कंट्रोल सेंटर से ऑटो रिक्शा यूनियन के सचिव शहजाद अली की मदद ली गई और कुछ देर बाद टैक्सी चालक चौखा के नया पुरा राधाकृष्ण पुरम निवासी गजेंद्रसिंह परिहार से संपर्क किया गया। उसे कमांड कंट्रोल सेंटर बुलाया। इसके बाद गणु चौधरी का कपड़ों से भरा बैग वापस मिल गया।