फतेहाबाद में नशा सप्लाई करने वाला दिल्ली का युवक गिरफ्तार
फतेहाबाद में नशा सप्लाई करने वाला दिल्ली का युवक गिरफ्तार
फतेहाबाद, 19 नवंबर (हि.स.)। मेडिकल नशा बेचने वालों के साथ-साथ सप्लायरों की धरपकड़ करते हुए फतेहाबाद पुलिस ने दिल्ली के एक युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवक की पहचान रोशन लाल पुत्र हरी सिंह निवासी न्यू सलीमपुर, दिल्ली के रूप में हुई है। आरोपी को मंगलवार को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इस बारे जानकारी देते हुए नारकोटिक कंट्रोल ब्यूरो फतेहाबाद प्रभारी उपनिरीक्षक कपिल कुमार ने बताया कि इस बारे पुलिस ने 22 अगस्त को एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था।
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने भूना रोड, फतेहाबाद पर ऑटो मार्किट के सामने से बाईक सवार युवक को नशीली गोलियों सहित गिरफ्तार किया था। पकड़े गए युवक की पहचान रोहित कुमार पुत्र मलुक चंद निवासी अशोक नगर फतेहाबाद के रूप में हुई थी। पुलिस ने उसके पास से 990 नशीली गोलियां बरामद की थी। इस मामले में जांच अधिकारी एएसआई प्रदीप कुमार ने युवक से पूछताछ के आधार पर उसे नशीली गोलियां सप्लाई करने के आरोपी रोशन लाल को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ शुरू कर दी है।









