पलामू में मतगणना कार्य के लिए 39 मास्टर ट्रेनरों को मिली ट्रेनिंग

पलामू में मतगणना कार्य के लिए 39 मास्टर ट्रेनरों को मिली ट्रेनिंग

पलामू, 18 नवंबर (हि.स.)। जीएलए कॉलेज परिसर में 23 नवंबर को होने वाली मतगणना को लेकर सोमवार को डीआरडीए सभागार में मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया गया। टेनिंग उप विकास आयुक्त सह प्रशिक्षण कोषांग के नोडल पदाधिकारी शब्बीर अहमद और जिला भू-अर्जन पदाधिकारी की देखरेख में दिया गया।

सभी मास्टर ट्रेनरों को 23 नवंबर को होने वाली मतगणना की सभी बारिकियों को विस्तार से बताया गया। कंट्रोल यूनिट में प्राप्त मतों की गणना कैसे करनी है, उसे किस प्रपत्र में एंट्री करनी है आदि से संबंधित अन्य तकनीकी पहलूओं के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी गयी। इसके अलावा प्रपत्र 17 सी और कंपाइलेशन फॉर्म 20 में करने को लेकर भी ट्रेनिंग दी गई।

आज जो मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण प्राप्त किये हैं वे सभी 19 नवंबर को 700 से अधिक मतगणना पर्यवेक्षक-मतगणना सहायकों व माईक्रोआर्जवर को प्रशिक्षण देंगे। यह प्रशिक्षण 19 के बाद 21 नवंबर को भी दिया जायेगा। यह सभी प्रशिक्षण गणेश लाल अग्रवाल कॉलेज में दिया जायेगा। वहीं 22 को काउंटिंग को लेकर ड्राई रन किया जायेगा।

96 राउंड में होगी मतगणना गणेश लाल अग्रवाल कॉलेज स्थित स्ट्रांग रूम में आगामी शनिवार को पांचो विधानसभा के लिए 96 राउंड में मतों की गणना की जायेगी। डालटनगंज में 20 राउंड में मतों की गणना की जायेगी। पांकी, विश्रामपुर, छत्तरपुर एवं हुसैनाबाद में 19 राउंड में ही मतों की गिनती की जायेगी।

इसी क्रम में पांकी में 18, डालटनगंज में 22, विश्रामपुर में 20, छत्तरपुर में 18 व हुस्सैनाबद में 18 टेबल बनाये गये हैं। पोस्टल बैलेट से प्राप्त मतों की गिनती के लिए 8-8 टेबल बनाये गये हैं। साथ ही ईटीबीपीएस से प्राप्त मतों की गणना को लेकर 12 टेबल बनाये गये हैं। शनिवार को प्रातः 8 बजे से मतगणना का कार्य प्रारंभ हो जाएगा। मतगणना की तैयारियों को लेकर सोमवार को नगर आयुक्त जावेद हुसैन व उप विकास आयुक्त शब्बीर अहमद ने गणेश लाल अग्रवाल स्थित स्ट्रांग रूम का जायजा लिया।

—————