फतेहाबाद : दुर्लभ प्रजाति के सांपों के साथ तमाशा दिखाते युवक पकड़ा, केस दर्ज

फतेहाबाद : दुर्लभ प्रजाति के सांपों के साथ तमाशा दिखाते युवक पकड़ा, केस दर्ज

फतेहाबाद, 18 नवंबर (हि.स.)। दुर्लभ प्रजाति के सांप को पकडक़र तमाशा करने पर टोहाना पुलिस ने एक युवक के खिलाफ सोमवार को वाइल्ड लाइफ प्रोक्टशन एक्ट 1972 के तहत मामला दर्ज किया है।

इस बारे पुलिस को दी शिकायत में नेहरू मार्किट, टोहाना निवासी नवजोत सिंह ने कहा है कि उनकी टीम वन्य जीव-जंतुओं के संरक्षण का काम करती है और वह पशु क्रूरता निवारण समिति फतेहाबाद का भी सदस्य है।

दोपहर को जब वह रेलवे स्टेशन की तरफ जा रहा था तो जैन समाधि रोड, टोहाना पर एक युवक दो सांप लेकर सडक़ किनारे लोगों को तमाशा दिखा रहा था। जब उसने उक्त लडक़े के पास सांपों को देखा तो पाया कि यह सांप धामन प्रजाति या भारतीय रैट स्नैक प्रजापति के थे। यह प्रजाति वन्य प्राणी संरक्षण कानून 1972 के तहत अनूसूचि 1 का वन्य जीव है, जिसे मारना, पकडऩा या तमाशा दिखाना अपराध है।

जब उसने युवक का नाम पूछा तो उसने अपना नाम अरूण अली पुत्र धनीमा निवासी जिला टोंक, राजस्थान बताया। इस पर वह युवक को सांपों सहित थाने ले गया और इस बारे पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई। मामले की सूचना मिलते ही वन्य जीव संरक्षण विभाग फतेहाबाद के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। इस मामले में पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।