jh-representatives-of-muhlla-library

पश्चिमी सिंहभूम में 24 निशुल्क ग्रामीण पुस्तकालयों के प्रतिनिधियों ने की उपायुक्त से मुलाकात, शिक्षा व सामाजिक पहल पर चर्चा

पश्चिमी सिंहभूम, 15 मई । पश्चिमी सिंहभूम जिले के विभिन्न प्रखंडों में संचालित 24 निशुल्क सामुदायिक ग्रामीण एवं मुहल्ला पुस्तकालयों के प्रतिनिधियों ने शुक्रवार को उपायुक्त से मुलाकात की। इस दौरान पुस्तकालयों के संचालन, बच्चों की शिक्षा और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

मुलाकात के दौरान उपायुक्त ने पुस्तकालयों की इस पहल की सराहना करते हुए बेहतर संचालन के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने संचालन समितियों से पुस्तकालय परिसरों में पौधारोपण करने, बच्चों के लिए करियर काउंसलिंग आयोजित करने और समय-समय पर बुक फेयर लगाने का सुझाव दिया।

इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय भाषाओं में पाठ्य सामग्री और पाठ्यक्रम को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया, ताकि बच्चों को अपनी सांस्कृतिक और भाषाई पहचान के साथ शिक्षा मिल सके।

उपायुक्त ने यह भी कहा कि प्रत्येक माह की 20 तारीख को पुस्तकालयों में बच्चों का जन्मोत्सव मनाकर उन्हें प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने जिले में आयोजित रक्तदान शिविरों में भी पुस्तकालय से जुड़े लोगों और युवाओं से सक्रिय भागीदारी की अपील की।

————-