फतेहाबाद : कांग्रेस ने हिंदू-सिख में नफरत के बीज बोए : मनजिंदर सिंह सिरसा
फतेहाबाद : कांग्रेस ने हिंदू-सिख में नफरत के बीज बोए : मनजिंदर सिंह सिरसा
फतेहाबाद, 3 अक्टूबर (हि.स.)। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन भाजपा प्रत्याशी दुड़ाराम के समर्थन में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव मनजिंदर सिंह सिरसा ने भूना मोड स्थित रॉयल फॉम पैलेस में शहर की सामाजिक संस्थाओं व भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित कर भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। गुरुवार काे हुए कार्यक्रम में अरोड़वंश महासभा, गुरद्वारा सिंह सभा, नामधारी सभा, यूथ खालसा सोसायटी सहित विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी, सदस्य, भाजपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मनजिंदर सिरसा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हिंदू-सिख के बीच नफरत के बीज बोए थे, लेकिन तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बने नरेंद्र मोदी जा का विजन सबका साथ, सबका विकास है। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों से ही आज देश विश्व की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था बना है तथा 2047 तक देश को विकसित करने का जो टारगेट रखा गया है, वह मास्टर प्लान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यह समझते हैं कि सिखों के वोट बेशक कम हों, लेकिन सिखों की ताकत को दुनिया जानती है।
उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ चुनाव जीतने की नहीं, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के भविष्य को सुरक्षित करने की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राज में पाकिस्तान आए दिन आंखें दिखाता था, हमारे सैनिकों को उठाकर ले जाते थे लेकिन भाजपा सरकार बनने के बाद आज विश्व में भारत का डंका बज रहा है। उन्होंने सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों, भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं व गणमान्य नागरिकों से 5 अक्टूबर को भाजपा के पक्ष में मतदान कर दुड़ाराम को जीताने की अपील की।









