प्रधानमंत्री सौगात देने आ रहे, फिर भी झामुमो को लग रहा डर: प्रतुल शाहदेव

प्रधानमंत्री सौगात देने आ रहे, फिर भी झामुमो को लग रहा डर: प्रतुल शाहदेव

रांची, 01 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने झारखंड मुक्ति मोर्चा पर एक और बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का जब भी झारखंड में आगमन होता है तो झारखंड मुक्ति मोर्चा के खेमे में डर सा समा जाता है। प्रधानमंत्री खरबों रुपए की सौगात देने आ रहे हैं। लेकिन भ्रष्टाचार में लिप्त झारखंड मुक्ति मोर्चा को अब भी डर लग रहा है। ये डर स्वाभाविक भी है क्योंकि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भ्रष्टाचार के खिलाफ देशव्यापी अभियान चल रहा है और हेमंत सरकार तो पूरे तरीके से भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। लोकतंत्र के लिए यह डर अच्छा भी है।

प्रतुल ने मंगलवार को कहा कि आदिवासियों और मूलवासियों की सबसे बड़ी दुश्मन झामुमो है। प्रतुल ने कहा कि जिन आदिवासी और मूलवासियों को हक देने और नौकरी देने के नाम पर झामुमो सरकार में आई थी, उन्हीं को सबसे ज्यादा इस सरकार में ठगा गया। 5 वर्षों में 25 लाख नौकरियां के जगह हक मांगने निकले आदिवासी मूलवासी छात्रों को लाठियां मिली और फर्जी मुकदमों में फंसाया गया।प्रतुल ने कहा कि खनन लीज की बात हो या जमीन लीज की बात हो सब पर सोरेन परिवार का कब्जा रहा। सब प्रतियोगी परीक्षाएं कदाचार के भेंट चढ़ गई।प्रतुल ने कहा कि हद्द तो तब हो गई जब मुख्यमंत्री ने माइनिंग मंत्री और मुख्यमंत्री रहते खुद के नाम पर माइनिंग लीज ले ली। हेमंत सरकार पर पिछले 5 वर्षों के कार्यकाल में 70 हजार करोड रुपए के घपले, घोटाले का आरोप लगा है।

प्रतुल ने कहा कि हेमंत सोरेन बेल पर बाहर हैं।लेकिन झारखंड मुक्ति मोर्चा ऐसा बयान दे रही जैसे वह दोष मुक्त हो गए ।

—————