हरिद्वार में मूलभूत सुविधाओं का हुआ है विस्तार: अनिरुद्ध भाटी
हरिद्वार के विकास को समर्पित है भाजपा सरकार : भाटी
हरिद्वार, 01 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा सरकार हरिद्वार के समग्र विकास को समर्पित है। केन्द्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं से जहां हरिद्वार में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार हुआ है, वहीं मेडिकल कॉलेज, डिग्री कॉलेज व सौ फीसदी सीवर लाइन की सौगत भी मिली है। यह बातें निवर्तमान पार्षद अनिरुद्ध भाटी ने लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाई जा रही वेद निकेतन वाली गली का निर्माण कार्य प्रारंभ करवाते हुए कही।
अनिरुद्ध भाटी ने कहा कि क्षेत्र में सभी क्षतिग्रस्त सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है। क्षेत्रीय विधायक मदन कौशिक के प्रयासों से क्षेत्र में सड़क बिजली, पानी व सीवर की व्यवस्था बेहतर किया गया है।
सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास करते हुए स्वामी अनन्तानन्द महाराज ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य से क्षेत्रवासियों व तीर्थयात्रियों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने सड़क निर्माण के लिए विधायक मदन कौशिक व निवर्तमान पार्षद अनिरुद्ध भाटी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कर्मठ जनप्रतिनिधि क्षेत्र के विकास को सदैव समर्पित रहते हैं।









