सप्ताह में दो दिन पलामू होकर चलेगी वंदे भारत ट्रेन
सप्ताह में दो दिन पलामू होकर चलेगी वंदे भारत ट्रेन
पलामू, 14 सितंबर (हि.स.)। पलामू के लोगों की लंबी मांग पूरी हो गयी। वंदे भारत ट्रेन सप्ताह में दो दिन रविवार व सोमवार को मुरी-बरकाकाना-डालटनगंज-गढ़वा रोड-सोननगर-गया के रास्ते पटना तक चलेगी। इस ट्रेन में कुल आठ कोच होंगे। इसमें कुल 530 लोगों को बैठने की व्यवस्था होगी।
यह टाटा से चलने के बाद चंडिल, मुरी, बरकाकना, डालटनगंज, गढ़वारोड, सोननगर एवं गया में रुकते हुए पटना जंक्शन पहुंचेगी। वंदे भारत ट्रेन की शुरुआत से पलामू व गढ़वा जिला के यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ त्वरित आवागमन का लाभ मिलेगा।
सुबह 10.42 में डालटनगंज पहुंचेगी वंदे भारत ट्रेन
22 सितंबर दिन रविवार को ट्रेन संख्या 21893 सुबह 05.30 बजे टाटा से रवाना होगी और 10.42 बजे डालटनगंज रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। दो मिनट के ठहराव के बाद 10.44 बजे ट्रेन खुलेगी और 11.50 बजे गढ़वा रोड जंक्शन पहुंचेगी। जहां पांच मिनट ठहराव के बाद 11.55 बजे खुलेगी और गया, सोननगर में ठहराव के बाद 15.55 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी।
जबकि 23 सितंबर दिन सोमवार को ट्रेन संख्या 21894 पटना जंक्शन से 13.20 बजे खुलेगी। जो गया, सोननगर में ठहराव के बाद 17.35 बजे गढ़वा रोड जंक्शन पहुंचेगी, जहां पांच मिनट ठहराव के बाद 17.40 बजे खुलेगी और 18.03 बजे डालटनगंज रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। जहां दो मिनट के ठहराव के बाद 18.05 बजे ट्रेन खुलेगी और बरकाकाना, मुरी व चांडिल में ठहराव के बाद 23.55 बजे टाटानगर जंक्शन पहुंचेगी।
बता दें कि पलामू में वंदे भारत एक्सप्रेस की मांग काफी लंबे समय से उठ रही थी। दो दिन पहले ही पलामू के सांसद विष्णुदयाल राम ने इस सिलसिले में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की थी। सांसद ने पलामू के रास्ते वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की मांग की थी।
रेलमंत्री ने सांसद को जल्द पलामू के रास्ते वंदे भारत टेªन चलाने का आश्वासन दिया था। पलामू को वंदे भारत एक्सप्रेस मिलने पर पलामू सांसद ने इसका स्वागत किया है। बता दें कि पलामू के इलाके से गुजरने वाली यह पहली वंदे भारत एक्सप्रेस है। पलामू का इलाका धनबाद रेल डिवीजन और सेंट्रल इंडस्ट्रियल कोर एरिया के अंतर्गत आता है।
—————









