देश-विदेश के 300 से अधिक चिकित्सकों ने साझा किए न्यूरोलॉजी के आधुनिक उपचार और शोध अनुभव : डॉ. मुकुल पांडेय
प्रयागराज, 16 नवंबर । न्यूरोलॉजी और न्यूरोसर्जरी के क्षेत्र में नई तकनीकों, शोध और बेहतर उपचार पद्धतियों को बढ़ावा देने के लिए देश-विदेश के विशेषज्ञों का एक मंच पर आना चिकित्सा जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। ऐसे सम्मेलन चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान को नई दिशा देने के साथ युवा चिकित्सकों को आधुनिक उपचार तकनीकों से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह बात संगमनगरी में आयोजित तीन दिवसीय यूपी-यूके न्यूरोकॉन-2026 में आयोजन अध्यक्ष डॉ. मुकुल पांडेय ने सोमवार को कही।
कार्यक्रम में देश-विदेश के 300 से अधिक चिकित्सकों और चिकित्सा विशेषज्ञों ने भाग लिया। सम्मेलन में करीब 90 न्यूरोलॉजिस्ट और न्यूरोसर्जन ने अपने शोध, वैज्ञानिक अनुभव और आधुनिक उपचार पद्धतियों की जानकारी साझा की। चार प्रतिष्ठित विशेषज्ञों डॉ. बी.के. मिश्रा, डॉ. अचल श्रीवास्तव, डॉ. अवधेश जायसवाल और डॉ. जयंती कलिता ने विशेष व्याख्यान दिए। इनमें न्यूरोसाइंस के क्षेत्र में हुई नई उपलब्धियों, उपचार की आधुनिक तकनीकों और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा की गई।
सम्मेलन में ब्रेन स्ट्रोक, ब्रेन ट्यूमर, पार्किंसन रोग, मिर्गी, रीढ़ की जटिल बीमारियों और न्यूरोइंटरवेंशन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने विचार रखे। माइक्रोसर्जरी, दूरबीन से होने वाले ऑपरेशन और छोटे चीरे वाली शल्य चिकित्सा के माध्यम से मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
युवा चिकित्सकों की भागीदारी सम्मेलन का विशेष आकर्षण रही। न्यूरोलॉजी में डीएम और न्यूरोसर्जरी में एमसीएच की पढ़ाई कर रहे करीब 40 युवा चिकित्सकों ने अवार्ड पेपर प्रस्तुत किए, जबकि लगभग 40 चिकित्सकों ने पोस्टर के माध्यम से अपने शोध कार्यों को विशेषज्ञों के सामने रखा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन शोधपत्रों और पोस्टरों को पुरस्कार दिए गए। विजेताओं को प्रशस्ति पत्र के साथ 11 हजार, छह हजार और तीन हजार रुपये के चेक प्रदान किए गए। वरिष्ठ विशेषज्ञों के साथ संवाद से युवा चिकित्सकों को नए शोध और आधुनिक उपचार तकनीकों को समझने का अवसर मिला।
आयोजन सचिव डॉ. पंकज गुप्ता ने बताया कि सम्मेलन में 300 से अधिक प्रतिभागियों, करीब 90 विशेषज्ञों और लगभग 80 युवा शोधकर्ताओं की भागीदारी इसकी प्रमुख उपलब्धि रही। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से न्यूरोलॉजी और न्यूरोसर्जरी के क्षेत्र में प्रयागराज की शैक्षणिक पहचान को मजबूती मिली है।










