tarun-chugh-on-omar-abdullah-

नेशनल कॉन्फ्रेंस में असंतोष उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व की विफलता का प्रमाण : तरुण चुग

नई दिल्ली, 04 नवंबर । नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के सांसद आगा सैयद रुहुल्लाह मेहदी के इस्तीफे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा कि अब उमर अब्दुल्ला की पार्टी के सांसद और विधायक ही उनकी सरकार को अक्षम और अनुभवहीन बता रहे हैं। यह एनसी के भीतर बढ़ते असंतोष और उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व की विफलता का स्पष्ट प्रमाण है।

भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी एवं सांसद तरुण चुग ने बुधवार को मीडिया से कहा कि पार्टी लगातार यह कहती रही है कि उमर अब्दुल्ला सरकार जम्मू-कश्मीर के युवाओं को रोजगार देने में पूरी तरह विफल रही है। चुनावों के दौरान जनता से किए गए वादे आज तक पूरे नहीं हुए हैं। नेशनल कॉन्फ्रेंस ने अपने घोषणापत्र में बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन वादों को पूरा करने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

चुग ने कहा कि सबसे दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह है कि सरकार की विफलताओं को अब विपक्ष नहीं, बल्कि खुद नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उजागर कर रहे हैं। जब अपनी ही पार्टी के सांसद और विधायक सरकार की कार्यशैली और नेतृत्व पर सवाल उठाने लगें, तो यह स्पष्ट हो जाता है कि सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है।

उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर की जनता ने बदलाव, रोजगार और विकास की उम्मीद के साथ नेशनल कॉन्फ्रेंस को जनादेश दिया था, लेकिन उमर सरकार उन उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई है।