नितिन नवीन के स्वागत में सजेगा गोरखपुर, पदयात्रा मार्ग पर बनेंगे 18 स्वागत स्थल
गोरखपुर, 03 नवंबर । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के बुधवार, 4 नवंबर को प्रस्तावित गोरखपुर आगमन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उनके स्वागत और प्रस्तावित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए पार्टी संगठन ने व्यापक तैयारियां की हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए गोरखपुर एयरपोर्ट से सर्किट हाउस तक छह स्वागत स्थल बनाए गए हैं, जबकि महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज से गोलघर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा तक निकलने वाली पदयात्रा के मार्ग पर 18 स्वागत स्थल तैयार किए गए हैं। पार्टी का दावा है कि इस पदयात्रा में एक लाख से अधिक लोग शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है।
भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने मंगलवार को बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बुधवार सुबह 11 बजे गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट पर स्वागत के बाद वह सर्किट हाउस जाएंगे। इसके पश्चात महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल, प्रदेश महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश के प्रभारी अभिजात मिश्रा, राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी तथा राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप वर्मा सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
इसके अलावा निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर और अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल सहित एनडीए के सहयोगी दलों के प्रमुख नेता भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। जनसभा में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आमजन के पहुंचने की संभावना है।
महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में जनसभा के समापन के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का शुभारंभ करेंगे। यह पदयात्रा महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गोलघर स्थित काली मंदिर के निकट सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा तक पहुंचेगी। पदयात्रा मार्ग पर 18 स्वागत स्थल बनाए गए हैं, जहां विभिन्न सामाजिक एवं संगठनात्मक संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आमजन राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करेंगे। पदयात्रा के समापन पर सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा।
पदयात्रा के बाद एनेक्सी भवन में प्रबुद्ध वर्ग के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। इसके उपरांत राष्ट्रीय अध्यक्ष जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर संगठनात्मक एवं राजनीतिक विषयों पर चर्चा करेंगे। दिन के अंतिम कार्यक्रम में वह भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में शामिल होंगे। सभी कार्यक्रमों के बाद उनका रात्रि विश्राम गोरखपुर में ही होगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष का दो दिवसीय गोरखपुर प्रवास 5 नवंबर को भी जारी रहेगा। गुरुवार की सुबह वह गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद एनेक्सी भवन में पार्टी के पूर्व पदाधिकारियों तथा पूर्व जनप्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे। प्रवास के अंतिम चरण में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद वह दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन और पदयात्रा को लेकर सभी संगठनात्मक एवं व्यवस्थागत तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ जुटे हुए हैं। एयरपोर्ट से लेकर सर्किट हाउस और पदयात्रा मार्ग तक भव्य स्वागत की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत और पदयात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आमजन में भी जबरदस्त उत्साह है। पदयात्रा में एक लाख से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।










