----------------

पुलिस ने 24 घंटे में हत्या का खुलासा किया, दंपति गिरफ्तार

हमीरपुर, 04 नवंबर । उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में मझगवां थाना क्षेत्र स्थित ग्राम गौहानी के जंगल में मिले 22 वर्षीय युवक के शव के मामले में पुलिस ने बुधवार को नामजद आराेपित दंपति काे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद की है।

थानाध्यक्ष मझगवां दिनेश प्रसाद ने बुधवार को बताया कि मझगवां थाना क्षेत्र में एक युवक का शव मिला था, जिसकी निर्मम हत्या की गई थी। मृतक की पहचान हरीशचन्द्र निवासी ग्राम गौहानी के रूप में हुई थी। युवक 2 नवंबर की शाम से लापता था। अगले दिन उसका शव गांव के जंगल में मिला था। मृतक की गर्दन पर धारदार हथियार से चोट के निशान पाए गए थे। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अटल बिहारी (27) और उसकी पत्नी भारती (25) के खिलाफ हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने दोनों दंपति को गौहानी पुलिया के पास बने यात्री प्रतीक्षालय से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपिताें की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद की गई है। दंपति को विधिक कार्रवाई के बाद जेल भेजा गया।