बदरीनाथ से कुमाऊं तक कांग्रेस की न्याय यात्रा, सरकार को घेरा
देहरादून, 22 अक्टूबर । उत्तराखंड में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने गुरुवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में न्याय यात्रा के तहत पदयात्राएं निकालकर बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, महिला सुरक्षा और पलायन के मुद्दों पर राज्य सरकार को घेरा। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता की समस्याओं के समाधान में विफल रही है। वहीं, उन्होंने लोगों के अधिकारों और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रखने की बात कही।
कांग्रेस की ओर से जारी बयान के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में बदरीनाथ धाम,जोशीमठ, पीपलकोटी और चमोली में पदयात्राएं निकाली गईं। वहीं, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पश्चिम बंगाल प्रभारी प्रकाश जोशी, कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य करन माहरा, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और विधायक तिलकराज बेहड़ के नेतृत्व में अल्मोड़ा के गोलज्यू मंदिर से रानीखेत, खैरना, भवाली, भीमताल और हल्द्वानी में पदयात्राओं का आयोजन किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष गोदियाल ने बदरीनाथ धाम में कहा कि मंदिरों में श्रद्धालुओं की ओर से अर्पित चढ़ावे की सुरक्षा और पारदर्शी प्रबंधन सुनिश्चित करना मंदिर प्रबंधन और सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने बदरीनाथ धाम और राम मंदिर से जुड़े चढ़ावे की चोरी के आरोपों को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की ओर से अर्पित धन उनकी आस्था से जुड़ा है और इसमें किसी भी तरह की अनियमितता स्वीकार नहीं की जा सकती।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी, जंगली जानवरों के हमले और प्राकृतिक संसाधनों पर बढ़ते दबाव जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं के रोजगार, किसानों के हितों और राज्य के प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के मुद्दे उठाएगी।
उधर, नेता प्रतिपक्ष आर्य ने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव प्रदेश के स्वाभिमान, युवाओं के भविष्य, महिलाओं की सुरक्षा और विकास से जुड़े मुद्दों के लिहाज से महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और अपराध जैसी समस्याएं बढ़ी हैं तथा भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और प्रश्नपत्र लीक की घटनाओं से युवाओं का भरोसा प्रभावित हुआ है।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों और कर्मचारियों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन भी गंभीर चुनौती बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विधानसभा में जनहित के मुद्दों पर पर्याप्त चर्चा से बचती है और जवाबदेही सुनिश्चित करने की जरूरत है।
देहरादून में भी कांग्रेस ने चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में न्याय यात्रा निकाली। यात्रा की शुरुआत टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद राजपुर और मसूरी विधानसभा क्षेत्रों में पदयात्रा एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत, राजपुर के पूर्व विधायक राजकुमार,पूर्व विधायक जोत सिंह घुनसोला,प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा,देहरादून महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ.जसविंदर सिंह गोगी,पूर्व महापौर प्रत्याशी वीरेंद्र पोखरियाल, राजेंद्र शाह, मनीष नागपाल, सुनीता प्रकाश, मदन लाल, अश्वनी बहुगुणा, मोहन काला, संजय कनौजिया, प्रतिमा सिंह और स्वाति नेगी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, पार्षद, पूर्व पार्षद, पार्षद प्रत्याशी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि न्याय यात्रा को प्रदेशव्यापी अभियान के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा। आने वाले दिनों में सहसपुर, विकासनगर, चकराता, धर्मपुर, देहरादून कैंट और ऋषिकेश सहित अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी पदयात्राएं आयोजित करने की योजना है।










