राजगढ़ःसड़क पर लहराती स्कॉर्पियो रोकी, नशे में मिला चालक
राजगढ़, 23 अक्टूबर । मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में ब्यावरा शहर के रेलवे बाइपास रोड पर गुरुवार की रात यातायात पुलिस ने वाहन चैकिंग के दौरान शराब के नशे में स्कॉर्पियो वाहन लहराकर चला रहे चालक को गिरफ्तार कर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो जब्त कर थाने में खड़ी करवा दी।
यातायात थानाप्रभारी देवनारायण पांडे ने शुक्रवार को बताया कि बीती रात रेलवे अंडरब्रिज सर्विस रोड पर वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान स्कॉर्पियो क्रमांक एमपी 04 सीबी1138 संदिग्ध अवस्था में सड़क पर लहराती हुई नजर आई। चालक के तरीके से वाहन चलाने पर पुलिस टीम को उसके शराब के नशे में होने का संदेह हुआ। टीम ने वाहन रुकवाकर चालक की ब्रीथ एनालाइजर मशीन से जांच की। जांच में शराब पीकर वाहन चलाने की पुष्टि होने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं। नशे की हालत में वाहन चलाने से चालक के साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है। पुलिस ने यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। कार्रवाई के दौरान एसआई पंचमलाल,प्रआर. प्रीतम, आर. शैलेंद्र और राहुल सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।










