जेएनयू की छात्राओं से दुर्व्यवहार पर भड़का आक्रोश, भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन
कोरबा, 12 अक्टूबर (हि. स.)। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार के मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर भाजपा महिला मोर्चा के आह्वान पर सोमवार को टीपी नगर, कोरबा में विशाल आक्रोश धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इसके पश्चात कांग्रेस कार्यालय का घेराव कर मामले में कार्रवाई की मांग उठाई गई। प्रदर्शन के माध्यम से भाजपा ने नारी सम्मान, महिला सुरक्षा और महिलाओं की गरिमा से जुड़े मुद्दों पर अपना विरोध दर्ज कराया।
कार्यक्रम भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी की शीर्ष नेतृत्व में आयोजित हुआ। इसमें महापौर संजू देवी राजपूत की विशेष उपस्थिति रही। महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं एवं पार्टी पदाधिकारियों ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया और मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की।
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि नवरात्रि जैसे पावन पर्व पर मातृशक्ति के सम्मान और सुरक्षा का मुद्दा और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जेएनयू की छात्राओं द्वारा शिकायत किए जाने और मामले में कार्रवाई होने के बावजूद कांग्रेस की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान से जुड़े मामलों में राजनीतिक दलों को स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए।
गोपाल मोदी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को विशेष सम्मान दिया गया है। महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं किया जायेगा। उन्होंने संबंधित सांसद के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि महिलाओं के सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए भारतीय जनता पार्टी अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि जेएनयू की छात्राओं के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार के विरोध में महिला मोर्चा सड़कों पर उतरा है। उन्होंने कहा कि मामले में संबंधित व्यक्ति को पद से हटाए जाने के साथ-साथ सांसद के रूप में उनकी जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। महिलाओं और छात्राओं के सम्मान से जुड़े ऐसे गंभीर मामले में उचित कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा इस मुद्दे को लेकर अपना विरोध जारी रखेगा।
भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार ने कहा कि महिलाओं का सम्मान किसी राजनीतिक दल तक सीमित विषय नहीं, बल्कि देश की संस्कृति, सभ्यता और आत्मसम्मान से जुड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि छात्राओं से जुड़े गंभीर आरोपों के मामले में जवाबदेही तय होनी चाहिए और संबंधित सांसद के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नारी के सम्मान और स्वाभिमान से किसी भी परिस्थिति में समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर संजू देवी राजपूत, राज्य हाथकरधा संघ के अध्यक्ष भोजराम देवांगन, जिला महामंत्री संजय शर्मा एवं अजय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, जिला उपाध्यक्ष योगेश जैन, रुक्मणी नायर, जिला मंत्री सतीश झा, अजय कंवर, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार, प्रदेश मंत्री संतोषी दीवान, अर्जुन गुप्ता, मनोज राठौर, शैलेन्द्र यादव, संजय राठौर, प्रदीप सिंह, नीरज ठाकुर, अविनाश दुबे, कुलसिंह कंवर, राजेश लहरे, रामनारायण सराफ, बीडी शर्मा, मंडल अध्यक्ष डिलेन्द्र यादव, योगेश मिश्रा, मनोज लहरे, मनीष मिश्रा सहित भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी, महिला मोर्चा की कार्यकर्ता एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रदर्शन के माध्यम से भाजपा महिला मोर्चा ने नारी सम्मान, महिला सुरक्षा और महिलाओं की गरिमा की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए संबंधित मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की।










