cm-double-engine-govt-supports-youth-dreams

युवा सपनों को साकार करने के लिए हर कदम पर साथ खड़ी है डबल इंजन सरकार- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

जयपुर, 19 अक्टूबर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सामर्थ्यवान, संस्कारवान, नशामुक्त युवा ही विकसित भारत यात्रा के सच्चे सारथी हैं। उन्होंने अष्टमी और महानवमी के पावन अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संकल्प, अनुशासन, परिश्रम, नवाचार से युवा अपना अलग मुकाम हासिल करें, युवा सपनों को पूरा करने के लिए सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने सोमवार को ‘सपनों की उड़ान-असंभव कुछ भी नहीं’ कार्यक्रम के तहत युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि युवाओं को दृढ़ संकल्प, आत्मविश्वास और निरंतर परिश्रम के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी अपनी संकल्प शक्ति से अनेक असंभव माने जाने वाले कार्यों को संभव किया है। उनके नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने और अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य पूर्ण हुए हैं।

उन्होंने कहा कि भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में से एक है और युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है। युवाओं में ऊर्जा, नवाचार, कुछ नया करने का जुनून और असंभव को संभव बनाने का साहस है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने युवाओं की क्षमताओं को अवसरों में बदलने के लिए स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया और अटल इनोवेशन मिशन जैसी पहल की हैं। इनसे नवाचार, उद्यमिता और स्वरोजगार को बढ़ावा मिला है तथा युवाओं के लिए अवसरों का नया इकोसिस्टम तैयार हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘माय भारत’ प्लेटफॉर्म युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। राजस्थान में इस प्लेटफॉर्म पर 26 लाख से अधिक युवा पंजीकृत हैं तथा 1 हजार 700 से अधिक संस्थाएं इससे जुड़ी हुई हैं। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किए गए ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी नशामुक्ति के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। 350 से अधिक महाविद्यालयों, इंजीनियरिंग एवं पॉलिटेक्निक कॉलेजों में ‘नई किरण’ नशामुक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं। ‘राज सवेरा’ के तहत जिला चिकित्सालयों में नशामुक्ति वार्ड स्थापित किए जा रहे हैं। नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को खेल, शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री युवा सुयोग पोर्टल शुरू किया है, साथ ही नेतृत्व और नवाचार की भावना विकसित करने के लिए राजस्थान युवा नीति लागू की है। राज्य कौशल नीति-2025 के माध्यम से युवाओं को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अब तक 3 लाख 70 हजार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। 144 राजकीय आईटीआई में स्मार्ट क्लासरूम स्थापित किए गए हैं तथा 21 नवीन राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज और 76 नए राजकीय महाविद्यालय स्थापित किए गए हैं। सरकार 220 सरकारी कॉलेज भवनों का निर्माण कर चुकी है। प्रदेश में 5 हजार से अधिक स्टार्टअप पंजीकृत किए गए हैं तथा 65 आईस्टार्ट लॉन्चपैड नेस्ट स्थापित किए गए हैं। मुख्यमंत्री युवा संबल योजना के तहत चार लाख लाभार्थियों को 1,643 करोड़ रुपये वितरित किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने अब तक पेपरलीक के 569 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, 410 परीक्षाएं बिना पेपरलीक के आयोजित की गई हैं। प्रदेश में 1 लाख 93 हजार पदों पर सरकारी नियुक्यिां दी गई हैं, जबकि 1 लाख 18 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। 70 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी तथा 5 लाख युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने के लिए 17 नए खेलो इंडिया केंद्र शुरू किए गए हैं। सभी 41 जिला मुख्यालयों पर ‘एक जिला, एक खेल’ योजना के तहत खेल अकादमियां संचालित की जा रही हैं तथा प्रत्येक ग्राम पंचायत में खेल मैदान विकसित करने की घोषणा भी की गई है। खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए राजस्थान टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम भी लागू की गई है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से स्वामी विवेकानंद के ‘उठो, जागो और तब तक नहीं रुको जब तक मंजिल प्राप्त न हो जाए’ के संदेश को जीवन का मूलमंत्र बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए हर कदम पर उनके साथ खड़ी है। युवा नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगाएं और विकसित भारत एवं विकसित राजस्थान के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान दें।

कार्यक्रम में युवाओं ने युवा नीति एवं युवाओं के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार जताया। पैरा खिलाड़ी विक्रम कुमार मीणा ने आउट ऑफ टर्न नियुक्ति, शिवम वैष्णव ने आई-स्टार्ट योजना से मिले लाभ, मनीषा गोस्वामी ने सहायता राशि, निकिता ने टेली-मानस मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन तथा हीरालाल महावर ने नशामुक्ति के लिए नई किरण योजना के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। माय भारत वॉलेंटियर अद्विता सिंह एवं दृष्टिबाधित युवा सचिन सिंह जादौन ने कार्यक्रम का प्रभावी संचालन किया। मुख्यमंत्री ने उद्घोषकों की सराहना करते हुए उनके आत्मविश्वास एवं प्रस्तुति की प्रशंसा की।

इस दौरान नशा मुक्ति पर आधारित नाटिका का मंचन हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्यार्थी, खिलाड़ी, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक, एनसीसी कैडेट एवं अन्य क्षेत्रों के युवा उपस्थित रहे।