निर्माण श्रमिक पेंशन योजना से कामेश्वर को मिला आर्थिक सहारा, दवाइयों और घरेलू जरूरतों में हो रही मदद
सूरजपुर, 27 सितंबर । सूरजपुर श्रम विभाग में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए संचालित योजनाओं से जरूरतमंद श्रमिकों को आर्थिक सहायता मिल रही है। आज रविवार को ग्राम पंचायत सतपता निवासी कामेश्वर प्रजापति ने बताया कि मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक पेंशन सहायता योजना के तहत मिलने वाली राशि उनके दैनिक खर्चों में सहारा बन रही है।
कामेश्वर बढ़ई का काम करते हैं और निर्माण श्रमिक के रूप में पंजीकृत हैं। योजना के तहत उन्हें प्रतिमाह 1500 रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है। वे इस राशि का उपयोग दवाइयों और घर की अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने में करते हैं।
कामेश्वर ने बताया कि पेंशन की नियमित राशि मिलने से दैनिक खर्चों को संभालने में सुविधा हो रही है। उन्होंने आर्थिक सहायता के लिए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने अन्य पात्र निर्माण श्रमिकों से श्रम विभाग में अपना पंजीयन कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि पंजीयन के बाद पात्रता के अनुसार श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ लिया जा सकता है।









