arunoday-carrer-institute

अरुणोदय करियर इंस्टीट्यूट पहुंचीं कलेक्टर, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से किया संवाद

सूरजपुर, 16 सितंबर । प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर मार्गदर्शन और सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा संचालित अरुणोदय करियर इंस्टीट्यूट का बुधवार को कलेक्टर रेना जमील ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने संस्थान की शिक्षण व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी तैयारी और जरूरतों की जानकारी ली।

कलेक्टर ने क्लासरूम, लाइब्रेरी और अध्ययन से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए निरंतर मेहनत के साथ अनुशासन और समय का बेहतर प्रबंधन जरूरी है। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए बड़े शहरों में जाकर महंगी कोचिंग करना ही एकमात्र विकल्प नहीं है। सही मार्गदर्शन, नियमित अध्ययन और दृढ़ संकल्प के साथ स्थानीय स्तर पर रहकर भी युवा अपने लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने, मानक पुस्तकों का नियमित अध्ययन करने और मॉक टेस्ट व टेस्ट सीरीज के माध्यम से अपनी तैयारी का लगातार मूल्यांकन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि परीक्षा में मिली असफलता से निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।

छात्राओं की 70 प्रतिशत भागीदारी की सराहना

संस्थान में अध्ययनरत विद्यार्थियों में करीब 70 प्रतिशत छात्राओं की भागीदारी पर कलेक्टर ने प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में बेटियों की बढ़ती भागीदारी शिक्षा और महिला सशक्तिकरण की दिशा में सकारात्मक संकेत है। उन्होंने छात्राओं से आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की अपील की।

सुविधाओं के विस्तार पर जोर

कलेक्टर ने संस्थान के फैकल्टी और प्रबंधन से शिक्षण कार्ययोजना, अध्ययन सामग्री, टेस्ट सीरीज और विद्यार्थियों की जरूरतों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने डिजिटल स्मार्ट क्लास, लाइब्रेरी को मजबूत करने, अधोसंरचना में सुधार और विद्यार्थियों के लिए आवश्यक अन्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में पहल करने की बात कही।

कलेक्टर के संवाद और मार्गदर्शन से विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल रहा। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग, श्रम पदाधिकारी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, संस्थान के फैकल्टी कोऑर्डिनेटर, शिक्षक और बड़ी संख्या में प्रतियोगी परीक्षार्थी मौजूद रहे।