नूंह: हरियाणा में कानून व्यवस्था बुरी तरह से बिगड़ी:जितेंद्र बघेल
नूंह, 09 अगस्त । जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक समीक्षा बैठक रविवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं हरियाणा कांग्रेस के सह प्रभारी जितेंद्र बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मासिक बैठक शहीदा खान कांग्रेस जिला अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान जितेंद्र बघेल ने कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ संगठन को मजबूत करने तथा आगामी रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के बाद जितेंद्र बघेल ने कहा कि मासिक समीक्षा बैठक के लिए वह नूंह पहुंचे हैं। बैठक में पार्टी के सभी पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों और पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने को लेकर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आम जनता के बीच जाकर उनके मुद्दों को उठाने के लिए तैयार किया जा रहा है।
जितेंद्र बघेल ने कहा कि बैठक में आम जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा हुई। उन्होंने प्रदेश सरकार पर प्रॉपर्टी टैक्स बढ़ाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। कांग्रेस पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज उठाने के लिए तैयार है और इसके लिए रणनीति तैयार की जा रही है।
हरियाणा में कानून व्यवस्था को लेकर भी जितेंद्र बघेल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो चुकी है और पुलिस व्यवस्था प्रभावी ढंग से काम नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आए दिन फिरौती मांगने और हत्या जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आम लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान प्रदेश में कानून व्यवस्था बेहतर थी और लोग बिना डर के कहीं भी आ-जा सकते थे। उनके अनुसार, भाजपा सरकार आने के बाद आम जनता के साथ-साथ विधायकों को भी धमकियां मिल रही हैं।
जितेंद्र बघेल ने आरोप लगाया कि कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही है। उन्होंने दावा किया कि एक समय कानून व्यवस्था के मामले में हरियाणा देश में बेहतर स्थिति में था, लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की स्थिति 14-15वें स्थान तक पहुंच गई है।बैठक में जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी समय में जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर जोर दिया गया।









