अवैध बालू ढाे रहे दो ट्रैक्टर काे जिला टास्क फोर्स ने किया जब्त
पश्चिमी सिंहभूम, 05 अगस्त । जिला प्रशासन ने अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत बुधवार की सुबह जिला टास्क फोर्स ने गोईलकेरा थाना क्षेत्र स्थित पावर ग्रिड स्टेशन के समीप विशेष जांच अभियान चलाकर अवैध रूप से बालू ढो रहे दो ट्रैक्टरों को जब्त किया।
जांच के दौरान टास्क फोर्स ने बालू से लदे दोनों ट्रैक्टरों को रोककर चालकों से खनिज परिवहन से संबंधित वैध माइनिंग ट्रांजिट चालान की मांग की। लेकिन चालक न तो आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर सके और न ही बालू के वैध परिवहन के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब दे पाए।
दस्तावेजों के अभाव में प्रशासन ने दोनों ट्रैक्टरों को बालू सहित जब्त कर लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उन्हें गोईलकेरा थाना की अभिरक्षा में सौंप दिया। प्रशासन की ओर से मामले में संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जिला खनन पदाधिकारी मेघलाल टुडू ने कहा कि जिले में अवैध बालू खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध खनन गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और नियमों के अनुरूप सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









