जलवायु परिवर्तन के बढ़ते प्रभावों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
खूंटी , 22 अगस्त । सिलादोन पंचायत के पोटोमगड़ा गांव में शनिवार को चाइल्ड इन नीड इंस्टीट्यूट (सीनी), जेएसएलपीएस और असर संस्था के सहयोग से जलवायु परिवर्तन के बढ़ते प्रभावों को लेकर महिलाओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों के प्रति महिलाओं में समझ विकसित करने के साथ-साथ समाधान के लिए उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम के दौरान जलवायु परिवर्तन के कारण उत्पन्न होने वाली विभिन्न चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। जलवायु परिवर्तन और जेंडर के बीच संबंध, जेंडर असमानता और इसके सामाजिक एवं आर्थिक प्रभावों को लेकर महिलाओं को जानकारी दी गई।
साथ ही खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं आर्थिक समावेशन के क्षेत्र में जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न होने वाली चुनौतियों और उनके स्थानीय समाधान पर चर्चा की गई। महिलाओं को छोटे-छोटे स्थानीय प्रयासों और सामूहिक भागीदारी के माध्यम से जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने के लिए पहल करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान बताया गया कि जलवायु परिवर्तन का प्रभाव महिलाओं पर अपेक्षाकृत अधिक पड़ता है, इसलिए इसके समाधान और अनुकूलन की प्रक्रिया में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। कार्यक्रम में सांप-सीढ़ी खेल के माध्यम से जलवायु परिवर्तन, उसके प्रभाव और जेंडर असमानता को सरल और रोचक तरीके से समझाया गया। खेल के माध्यम से महिलाओं ने जलवायु परिवर्तन से जुड़ी चुनौतियों और उनसे निपटने के स्थानीय उपायों को समझा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सीनी की रेणु टूटी, जेएसएलपीएस की सेतु दीदी कुंती देवी, क्रिस्टीना बंसुली, बसंती देवी सहित ग्राम संगठन की सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।









