खूंटी में 29 दिव्यांग विद्यार्थियों को मिले सहायक उपकरण
खूंटी, 20 अगस्त । समावेशी शिक्षा एवं समग्र शिक्षा अभियान के तहत गुरुवार को सीएम एसओई के सभागार में खूंटी प्रखंड के दिव्यांग छात्र-छात्राओं के लिए सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी अनीता लकड़ा ने किया।
कार्यक्रम में भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) की पांच डॉक्टरों और सहायकों की टीम ने दिव्यांग बच्चों की जरूरत और उनकी दिव्यांगता की प्रकृति के अनुसार विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण वितरित किए। इस दौरान कुल 29 दिव्यांग छात्र-छात्राओं को चिन्हित कर उन्हें उपयोगी उपकरण उपलब्ध कराए गए।
वितरित उपकरणों में व्हीलचेयर, रोलेटर, ट्राई साइकिल, बैटरी चालित तिपहिया साइकिल, टीएलएम किट, श्रवण यंत्र और बैसाखी सहित अन्य आवश्यक उपकरण शामिल थे।
कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के साथ उनकी शैक्षिक गतिविधियों और दैनिक जीवन को अधिक सुगम बनाना है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में रिसोर्स शिक्षिका रूपम कुमारी और चैताली पाठक, प्रखंड साधन सेवी विजय शर्मा एवं अजित मिश्रा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
———–









