रेल मदद पोर्टल पर शिकायतों के त्वरित निस्तारण में बीकानेर मंडल उत्तर-पश्चिम रेलवे में प्रथम
बीकानेर, 09 अगस्त । उत्तर-पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल पर यात्रियों को श्रेष्ठ सुविधाएं प्रदान करने के लिए मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल के मार्गदर्शन में रेल यात्रियों को यात्रा के दौरान स्टेशन और ट्रेन में होने वाली असुविधाओं एवं शिकायतों के शीघ्र समाधान के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य किए जा रहे हैं, ताकि यात्रियों को तत्काल राहत मिल सके। इसके अंतर्गत भारतीय रेलवे के एकीकृत ‘रेल मदद’ पोर्टल पर भी यात्रियों की शिकायतों का निवारण किया जा रहा है।
बीकानेर रेल मंडल ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में जुलाई माह तक ‘रेल मदद’ पोर्टल पर यात्री शिकायतों का औसत 13 मिनट में निस्तारण कर वर्तमान में उत्तर-पश्चिम रेलवे में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। बीकानेर रेल मंडल के मंडल वाणिज्य प्रबंधक वीरेन्द्र जोशी ने बताया कि रेल यात्री अपनी यात्रा के दौरान मोबाइल एप, वेबसाइट, एसएमएस, 139 हेल्पलाइन, ई-मेल, सोशल मीडिया आदि माध्यमों से ‘रेल मदद’ पोर्टल पर अपनी शिकायतें दर्ज कर सकते हैं। सभी शिकायतें एक ही जगह ‘रेल मदद’ पोर्टल पर प्राप्त होने से यात्रियों की शिकायतों, समस्याओं एवं शंकाओं के समाधान में तेजी आई है।
इस वित्तीय वर्ष में 1 अप्रैल 2026 से 31 जुलाई 2026 तक ‘रेल मदद’ पोर्टल के माध्यम से कुल 8893 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनका शत-प्रतिशत निस्तारण औसतन 13 मिनट में किया गया। इन 8893 शिकायतों में से वाणिज्य विभाग ने उक्त अवधि में 2817 शिकायतों का निस्तारण औसतन 4 मिनट में कर संतोषप्रद फीडबैक प्राप्त किया। इसी प्रकार रेलवे सुरक्षा बल ने 1508 शिकायतों का निस्तारण औसतन 19 मिनट में कर उत्कृष्ट फीडबैक प्राप्त किया।
कैरिज एंड वैगन विभाग ने उक्त अवधि में प्राप्त 1868 शिकायतों का समाधान 15 मिनट में कर उत्कृष्ट फीडबैक प्राप्त किया। इलेक्ट्रिक विभाग ने भी 1728 शिकायतों का औसत 22 मिनट में निस्तारण कर उत्कृष्ट फीडबैक प्राप्त किया, जो श्रेष्ठ यात्री सुविधा को इंगित करता है।
‘रेल मदद’ के माध्यम से यात्रा के दौरान छोटे बच्चों के लिए दूध, सफर के दौरान तबीयत खराब होने पर दवाइयां उपलब्ध करवाने के साथ ही सफर के दौरान प्रसव पीड़ा होने पर डॉक्टर एवं अन्य चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं। बीकानेर रेल मंडल पर यात्रियों की शिकायतों के निवारण के लिए वार रूम स्थापित किया गया है, जिसमें सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी दिन-रात 24 घंटे आधुनिक उपकरणों के माध्यम से यात्रियों की शिकायतों पर निगरानी रखते हैं और उनका समाधान करते हैं।
बीकानेर रेल मंडल को ‘रेल मदद’ पोर्टल पर यात्रियों की प्रतिक्रियाएं भी प्राप्त हुई हैं। यात्रियों द्वारा शिकायतों के समाधान के संबंध में दी गई प्रतिक्रियाओं में उत्कृष्ट एवं संतोषप्रद फीडबैक प्राप्त हुआ है।









