संभल प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर पांच बीघा सरकारी जमीन को कराया कब्जा मुक्त
संभल,12 अगस्त । उत्तर प्रदेश में संभल जिले के असमौली थानाक्षेत्र में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम शाहपुर डसर में खाद के गड्ढे के नाम दर्ज करीब पांच बीघे की जमीन को प्रशासन ने कब्जामुक्त कराकर अपने कब्जे में ले लिया है जिसकी जमीन पर बाउंड्री खड़ा करके कब्रिस्तान की जमीन में मिला लिया गया था।
एसडीएम विकास चंद्र ने बताया कि गाटा संख्या 278 खाद के गड्ढे के नाम दर्ज है। यह जमीन लगभग 300 एयर यानी करीब 5 बीघा है,जिसे स्थानीय कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर बाउंड्री वाल बना दी थी। नायब तहसीलदार की अध्यक्षता में टीम भेजकर जमीन को खाली कराया गया और अब प्रशासन ने जमीन को अपने कब्जे में ले लिया है। इस जमीन को बगल के कब्रिस्तान के साथ मिलाकर इस्तेमाल किया जा रहा था। जमीन की बाउंड्री भी बना दी गई थी। कार्रवाई के दौरान एक मजिस्ट्रेट, दो लेखपाल, एक कानूनगो और संभल थाने की स्थानीय पुलिस मौजूद रही।
एसडीएम विकास चंद्र ने बताया कि जमीन पर कब्जा स्थानीय लोगों द्वारा किया गया था। प्रशासन की टीम ने सरकारी रिकॉर्ड में खाद के गड्ढे के नाम दर्ज जमीन को कब्जे से मुक्त कराकर अब अपने नियंत्रण में ले लिया गया है।








