jh-woman-skeleton-recovered-from-forest

जंगल में महिला का कंकाल मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

पलामू, 12 जून । पलामू जिले के पांडू थाना क्षेत्र के जमुदाहा जंगल में शुक्रवार को एक महिला का कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद वरीय अधिकारियों के साथ पांडू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, जंगल में मिले कंकाल के पास बरामद कपड़ों के आधार पर परिजनों ने उसकी पहचान सुनीता देवी (37), पति विनोद राम, भटवलिया, पांडू के रूप में की है। बताया गया कि सुनीता देवी गत 29 मई को सुबह करीब 11 बजे जंगल में लकड़ी लाने गई थीं, जिसके बाद वह घर वापस नहीं लौटी थीं।

घटना को लेकर क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि महिला की मौत जंगली जानवर के हमले में हुई हो सकती है। वहीं, मृतका के मायके पक्ष ने उसके पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पुलिस ने कंकाल को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की तथा पोस्टमार्टम एवं वैज्ञानिक जांच के लिए रिम्स, रांची भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

फिलहाल पांडू थाना पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।