imd-rain-delhi-ncr-heatwave

दिल्ली में अगले 3-4 दिनों के दौरान हल्की वर्षा, कुछ राज्यों में लू चलने के आसार

नई दिल्ली, 19 जून । दिल्ली-एनसीआर में अगले 3-4 दिनों के दौरान धूल भरी आंधी चलने तथा गरज के साथ हल्की वर्षा होने के आसार हैं और तापमान भी सामान्य रहने का अनुमान है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और तेलंगाना के कुछ इलाकों में लू की स्थिति बनी रहेगी।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में 20 जून को दोपहर या शाम के समय हल्की बारिश होने और 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने के आसार हैं जिनकी गति झोंकों में 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। राजधानी में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 37-39 डिग्री सेल्सियस और 24-26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

21 जून को भी तेज हवा के झोंकों के साथ हल्की वर्षा होने के आसार हैं, जो दिल्ली-एनसीआर के निवासियों को गर्मी से राहत दिलाएगी। तापमान भी लगभग ठीक रहने का अनुमान है। 22 जून को वर्षा नहीं होगी लेकिन बादल छाए रहेंगे। तापमान में भी गिरावट होगी।

आईएमडी के अनुसार शुक्रवार दोपहर-शाम के दौरान हल्की वर्षा होनी थी लेकिन तेज धूप खिली रही, जिससे यहां के निवासियों को पहले की तुलना में हल्की गर्मी का एहसास हुआ। यहां का अधिकतम तापमान 38-40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

आईएमडी के मुताबिक 23 जून तक महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड और बिहार के कुछ और हिस्सों और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए स्थितियां अनुकूल हैं। 21 जून तक उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इस सप्ताह के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अनुमान है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 24 जून तक, बिहार में 22 जून तक, महाराष्ट्र और तेलंगाना में 20 जून तक कुछ जगहों पर लू चलने की बहुत संभावना है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में ओले गिरने के आसार हैं। एक तरफ जहां मानसून आगे बढ़ रहा है, वहीं दूसरी तरफ कुछ राज्य अभी भी गर्मी की चपेट में हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश (24 जून तक), बिहार (22 जून तक) और महाराष्ट्र व तेलंगाना (20 जून तक) के कुछ इलाकों में लू की स्थिति बनी रहेगी।

हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली और पंजाब में 19-22 जून के दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली हवाओं की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटे तक जा सकती हैं। मध्य भारत, पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम भारत और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कुछ जगहों पर हल्की और कुछ जगहों पर अगले छह दिनों के दौरान भारी वर्षा होने के आसार हैं। इस बीच, इन क्षेत्रों में तेज रफ्तार की हवाएं चलने की संभावना है।

पूर्वी भारत में 20 जून तक अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है और उसके बाद कोई खास बदलाव नहीं होगा। महाराष्ट्र में 20 जून तक अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव के आसार नहीं है और उसके बाद धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।

देश के बाकी हिस्सों में 25 जून तक अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है। बिहार में कुछ जगहों पर 20-22 जून के दौरान, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 20-24 जून के दौरान, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ में 20 जून के दौरान, तेलंगाना में 20-21 जून के दौरान लू चलने की बहुत संभावना है।

तटीय आंध्र प्रदेश, पुद्दुचेरी के यानम, झारखंड और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में 19-21 जून के दौरान, कोंकण और गोवा में 21 जून को, रायलसीमा में 19-20 जून के दौरान गर्म और उमस भरे मौसम की स्थिति रहने की संभावना है।